4 से 6 दिसंबर तक जयपुर में होगा लोकमंथन-2026,उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में हुई तैयारियों की समीक्षा बैठक

Jaipur Rajasthan

जयपुर।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में सोमवार को पर्यटन भवन में आगामी लोकमंथन-2026 के आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की तैयारियों, विभिन्न समितियों के गठन और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि लोकमंथन देशभर के लोक कलाकारों, शिल्पकारों, विद्वानों, शोधकर्ताओं और विचारकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में भी सहायक होगा।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विश्वास जताया कि लोकमंथन-2026 राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ राज्य की सांस्कृतिक और पर्यटन छवि को भी और मजबूत करेगा।

लोकमंथन-2026 का आयोजन 4 से 6 दिसंबर तक जयपुर में होगा। यह केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा, लोकजीवन, कला, शिल्प और वैचारिक विमर्श का राष्ट्रीय मंच है। इस वर्ष आयोजन की थीम “भारत का संविधान और भारत का लोकजीवन” रखी गई है।