राजस्थान में मादक पदार्थों के नेटवर्क पर कार्रवाई तेज करते हुए एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने पिछले 48 घंटों में राज्य के अलग-अलग इलाकों में लगातार अभियान चलाया है। आईजी एएनटीएफ विकास कुमार ने बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन के तहत तस्करों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी मात्रा में हेरोइन, अफीम और डोडा-चूरा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, एएनटीएफ की टीमों ने जालोर, पाली, बाड़मेर और श्रीगंगानगर सहित कई जिलों में अलग-अलग कार्रवाइयों को अंजाम दिया। पाली जिले में कार्रवाई के दौरान करीब 506 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा, हथियार और कारतूस बरामद किए गए, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
आईजी एएनटीएफ विकास कुमार ने बताया कि दूसरी कार्रवाई में बाड़मेर क्षेत्र से लंबे समय से फरार एक इनामी तस्कर को दबोचा गया, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वहीं तीसरी कार्रवाई में अफीम का दूध और तैयार अफीम बरामद कर आरोपी को हिरासत में लिया गया।
प्रेस नोट में यह भी कहा गया है कि श्रीगंगानगर में लगातार अभियान चलाकर हेरोइन तस्करी से जुड़े मामलों में करीब 102 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जबकि जालोर क्षेत्र में अफीम के दूध के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एक अन्य कार्रवाई में भारतमाला रोड के पास होटल क्षेत्र से अवैध अफीम और एक वाहन भी जब्त किया गया।
आईजी एएनटीएफ विकास कुमार के मुताबिक, अतिरिक्त महानिदेशक के मार्गदर्शन में राज्यभर में नशे की जड़ों पर प्रहार करने के लिए विशेष ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एएनटीएफ की टीमें संगठित तस्करी नेटवर्क को तोड़ने, फरार तस्करों की गिरफ्तारी और अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई चेन खत्म करने के लिए लगातार समन्वित कार्रवाई कर रही हैं।

