जोधपुर: कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर जोधपुर में मेहरानगढ़ किले की तलहटी स्थित रावटी-घोड़ा घाटी में कारगिल युद्ध के ‘टाइगर हिल’ अभियान का सांकेतिक पुनर्प्रस्तुतीकरण किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कारगिल युद्ध से जुड़े 16 वीर सैनिकों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शेखावत ने कहा कि कारगिल युद्ध केवल हथियारों की ताकत से नहीं, बल्कि भारतीय सैनिकों के साहस, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण से जीता गया था। उन्होंने कहा कि कारगिल ने दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत अपनी संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि सैनिकों के साथ-साथ वैज्ञानिक, शिक्षक, खिलाड़ी और विद्यार्थी भी देश के विकास में अहम योगदान देते हैं।
इसी दिन जोधपुर में आयोजित महिला डिजिटल सशक्तीकरण कार्यशाला में शेखावत ने महिलाओं से डिजिटल तकनीक का उपयोग कर अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन अब केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि कारोबार का प्रभावी प्लेटफॉर्म बन चुका है।
शेखावत ने महिलाओं को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़ने, उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग पर ध्यान देने तथा डिजिटल माध्यमों से अपने कारोबार का विस्तार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है और बड़ी संख्या में महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। उन्होंने महिलाओं से आगे बढ़कर बड़े लक्ष्य तय करने और डिजिटल अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

