जयपुर लाठीचार्ज पर करणी सेना का सरकार पर आरोप,7 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो CM हाउस घेरने की चेतावनी

Jaipur Rajasthan

जयपुर: श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने जयपुर में यूजीसी रोल बैक की मांग को लेकर निकाली गई रैली के दौरान पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहा था, लेकिन प्रशासन ने पूर्व सहमति के बावजूद प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज कराया।

मकराना ने कहा कि करणी सेना ने 24 दिनों में करीब 800 किलोमीटर की पदयात्रा कर विभिन्न कस्बों और गांवों में यूजीसी के मुद्दे पर लोगों को जागरूक किया। उनके मुताबिक, जयपुर पहुंचने से पहले प्रशासन के साथ कई दौर की बातचीत हुई थी और प्रदर्शन के मार्ग को लेकर सहमति बनी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कालवाड़ पुलिया के नीचे पहुंचते ही बिना चेतावनी के पुलिस ने वाटर कैनन चला दिया और बाद में लाठीचार्ज किया, जिसमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी प्रभावित हुए।

करणी सेना प्रमुख ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान घायल हुए देवराज सिंह पलाड़ा की बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया जाए। साथ ही मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की।

महिपाल सिंह मकराना ने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर सरकार वार्ता नहीं करती और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तो करणी सेना मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी और राजस्थान बंद का आह्वान करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन नगर निगम चुनाव के दौरान भी इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगा।

उन्होंने राज्य सरकार के साथ-साथ विपक्ष पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आंदोलन के दौरान न तो सत्ता पक्ष का कोई वरिष्ठ नेता प्रदर्शनकारियों से मिलने आया और न ही विपक्ष ने उनका पक्ष सुना।

करणी सेना प्रमुख ने कहा कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाया जाएगा। इसके तहत राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, बिहार, गुजरात और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में पदयात्राएं निकाली जाएंगी और बाद में दिल्ली में भी प्रदर्शन किया जाएगा।