जोधपुर, 11 सितंबर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री और जोधपुर सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को जोधपुर नगर निगम चुनाव में परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने रातानाडा स्थित पुलिस लाइन मतदान केंद्र पर पत्नी नोनद कंवर और बेटी सुहासिनी के साथ पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
शेखावत ने सुबह करीब 9:20 बजे मतदान किया। इसके बाद उनकी पत्नी और बेटी ने भी वोट डाला।
मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में शेखावत ने कहा कि इस बार उन्होंने देश और प्रदेश की सरकार के लिए नहीं, बल्कि अपने शहर की सरकार चुनने के लिए मतदान किया है। उन्होंने जोधपुर के मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।
‘जनता अब विकास और सुशासन के आधार पर वोट कर रही’
शेखावत ने कहा कि जनता अब जाति, धर्म, मजहब और वर्ग के आधार पर होने वाली राजनीति को पीछे छोड़कर विकास और सुशासन को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक राजनीतिक दलों ने समाज को अलग-अलग वर्गों में बांटकर वोट हासिल करने की कोशिश की, लेकिन अब लोगों की राजनीतिक सोच बदल रही है।
शेखावत ने कहा कि वोट देना सिर्फ अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी भी है। उन्होंने मतदाताओं से उम्मीदवार की योग्यता, कार्यक्षमता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को ध्यान में रखकर मतदान करने की अपील की।
जोधपुर नगर निगम के बंटवारे पर कांग्रेस को घेरा
केंद्रीय मंत्री ने पिछली कांग्रेस सरकार पर जोधपुर नगर निगम को दो हिस्सों में बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर के बीच विभाजन की दीवार खड़ी की गई थी।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद जोधपुर की जनता ने भाजपा का समर्थन किया और इस बार भी पार्टी को स्पष्ट जनादेश मिलने की उम्मीद है।
शेखावत ने दावा किया कि जोधपुर में भाजपा भारी बहुमत से जीत रही है और पार्टी दो-तिहाई बहुमत के साथ नगर निगम में वापसी करेगी।
युवाओं की भूमिका पर भी दिया जोर
शेखावत ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और चुनाव में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनके मुताबिक युवा यह समझते हैं कि शहर और प्रदेश के हित में किसका समर्थन किया जाना चाहिए।
उन्होंने जोधपुरवासियों से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।

