FSSAI ने डाबर के कई उत्पादों पर लगाई रोक,’100% शुद्ध’ जैसे दावों को बताया भ्रामक

Front-Page National

नई दिल्ली: खाद्य सुरक्षा नियामक FSSAI ने डाबर के कई खाद्य उत्पादों की बिक्री पर रोक लगा दी है। इनमें शहद, गाय का घी और अन्य उत्पाद शामिल हैं, जिन पर ‘100% प्योर’, ‘100% नेचुरल’ और ‘100% ऑर्गेनिक’ जैसे दावे किए जा रहे थे। नियामक का कहना है कि ये दावे खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते हैं और उपभोक्ताओं को गुमराह कर सकते हैं।

एफएसएसएआई के मुताबिक, कंपनी की वेबसाइट पर बिक रहे उत्पादों पर ‘100% प्योरिटी गारंटीड’, ‘100% टेंडर कोकोनट वॉटर’ और ‘100% ऑर्गेनिक’ जैसे लेबल लगाए गए थे। नियामक ने कहा कि ऐसे दावे फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (एडवरटाइजिंग एंड क्लेम्स) रेगुलेशन, 2018 के अनुरूप नहीं हैं क्योंकि इन्हें सत्यापित नहीं किया गया है।

एफएसएसएआई ने यह भी कहा कि डाबर के कुछ उत्पादों पर बिना वैध मंजूरी के ‘जैविक भारत’ लोगो का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा, डाबर होममेड कोकोनट मिल्क जैसे मिश्रित खाद्य उत्पादों पर ‘100% Purity’ का दावा भी नियमों के खिलाफ पाया गया।

नियामक के अनुसार, इस संबंध में कंपनी को पहले भी नोटिस जारी कर ऐसे दावे हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद एफएसएसएआई ने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी करते हुए डाबर से 15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट मांगी है।