“मजबूत इच्छाशक्ति और अनुभव से हर मंजिल होगी आसान:उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी,जेएनयू के ‘उड़ान इंडक्शन 2026’ में विद्यार्थियों का किया सम्मान”

Jaipur Rajasthan

जयपुर।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मंगलवार को जगतपुरा स्थित जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी (जेएनयू) में आयोजित ‘Udaan Induction 2026’ कार्यक्रम में भाग लेकर नवप्रवेशी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और विकसित राजस्थान के निर्माण में युवाओं की प्रतिभा, नवाचार, ज्ञान, कौशल और सकारात्मक सोच की अहम भूमिका है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की युवा शक्ति अपने परिश्रम, अनुशासन और संकल्प के बल पर राजस्थान को प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

दिया कुमारी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आज के युवा देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। अनुभव और निरंतर सीखने की भावना से हर मंजिल हासिल की जा सकती है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार विकसित भारत के निर्माण के लिए कार्य कर रहे हैं और देश को नई दिशा दे रहे हैं, जिस पर प्रत्येक भारतीय को गर्व है।

बालिका शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को भी बेटों के समान अवसर दिए जाने चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर देश और समाज के नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम में मारुति सुजुकी इंडिया के पूर्व सलाहकार डॉ. एस.वाई. सिद्दीकी जी, जेएनयू कुलपति डॉ. संदीप बक्शी जी, प्रो. चांसलर प्रोफेसर एच.एन. वर्मा जी, चांसलर मेडिकल प्रोफेसर सुधीर भंडारी जी, वाइस चांसलर प्रोफेसर आर.एन. रैना जी, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. प्रीति बख्शी जी, विद्यार्थीगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।