भोपाल: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक कदम उठाया है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जिला कार्यकारिणी सहित दतिया की सभी मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभागीय इकाइयों को भंग कर दिया है। यह कार्रवाई चुनावी हार की समीक्षा के लिए गठित विशेष समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उपचुनाव के दौरान वायरल हुए सोशल मीडिया पोस्ट और पत्रों की भी समीक्षा की जाएगी। ऐसे पोस्ट साझा करने वालों की सूची तैयार कर उनके राजनीतिक संबंधों और भूमिका की जांच की जाएगी।
दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद खाली हुई थी। उपचुनाव में कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार इस सीट पर भाजपा को हराया।
चुनाव परिणामों की समीक्षा के लिए मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर उच्चस्तरीय बैठक भी हुई। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, चुनाव प्रभारी भारत सिंह कुशवाह, प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
भाजपा ने उपचुनाव में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया था। टिकट बदलने के बाद पार्टी के भीतर विरोध के स्वर सामने आए थे और स्थानीय स्तर पर भीतरघात के आरोप भी लगे थे। अब हार के बाद पार्टी संगठन ने व्यापक समीक्षा और पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

