कोटा, 5 अगस्त। स्वस्थ युवा, सशक्त राष्ट्र और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से भारत सरकार के “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के तहत सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कोटा द्वारा आज बुधवार को माँ भारती एम.बी. नर्सिंग कॉलेज, कोटा में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उप नारकोटिक्स आयुक्त, कोटा नरेश बुन्देल ने कहा कि “एक नशा-मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है।” उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा स्वस्थ, शिक्षित, जागरूक, अनुशासित और नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार एवं समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
बुन्देल ने कहा कि “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” केवल एक जागरूकता अभियान नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली, खेल, योग, कौशल विकास, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला जन-अभियान है। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रतिभा, पारिवारिक जीवन और सामाजिक जिम्मेदारियों को प्रभावित करता है। नशामुक्त युवा ही देश की सबसे बड़ी पूंजी हैं, जो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अगस्त 2026 को 100 सप्ताह के “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा MY Bharat मंच के माध्यम से संचालित इस राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत देशभर में 10 हजार स्थानों पर एक करोड़ से अधिक युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य उसके युवाओं पर निर्भर है। यदि युवा स्वस्थ, शिक्षित और नशे से मुक्त होंगे, तो भारत निश्चित रूप से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही रैली और मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
मेरा भारत युवा केंद्र कोटा के जिला युवा अधिकारी सचिन पटोदिया ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा इस अभियान के अंतर्गत जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से युवाओं की भागीदारी और जागरूकता को बढ़ावा दिया जाएगा।
इस अवसर पर माँ भारती एम.बी. नर्सिंग कॉलेज के निदेशक दिनेश विजय एव प्राचार्य मंथन तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन तकनीकी सहायक प्रेम सिंह यादव ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं मेरा भारत युवा केंद्र कोटा के कर्मचारी, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के अधिकारी, MY Bharat के स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

