बारिश के बीच जयपुर में तिरंगा यात्रा,जेपी नड्डा और सीएम भजनलाल शर्मा ने लहराया तिरंगा

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 9 अगस्त 2026: राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राज्यस्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली गई। बारिश के बीच अल्बर्ट हॉल से शुरू हुई इस यात्रा में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा अल्बर्ट हॉल से रवाना होकर रामनिवास बाग चौराहा और सांगानेरी गेट होते हुए बड़ी चौपड़ पहुंची। इस दौरान देशभक्ति के नारों और गीतों से माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। यात्रा में स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी हिस्सा लिया। कई जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

‘तिरंगा करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का प्रतीक’

यात्रा से पहले अल्बर्ट हॉल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान के साथ करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 2022 में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब एक व्यापक जनआंदोलन बन चुका है। नड्डा ने लोगों से तिरंगे के सम्मान और उसकी गरिमा की रक्षा करने की अपील की।

नड्डा ने कहा कि तिरंगे के तीन रंग देश के अलग-अलग मूल्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं और अशोक चक्र निरंतर गति और परिवर्तन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि देश आज आत्मनिर्भरता और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान से जुड़े ‘प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर्स अमेंडमेंट एक्ट, 2026’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, राष्ट्रीय ध्वज और संविधान देश की पहचान और गौरव से जुड़े प्रतीक हैं और इनके सम्मान की जिम्मेदारी हर नागरिक की है।

सीएम बोले—तिरंगा नई पीढ़ी में राष्ट्र भावना मजबूत कर रहा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि तिरंगा देश के स्वाभिमान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उनके मुताबिक, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने देश को एकता के सूत्र में जोड़ने और नई पीढ़ी में राष्ट्र भावना को मजबूत करने का काम किया है।

उन्होंने कहा, “हर घर में लहराता तिरंगा देश के प्रति हमारे प्रेम और समर्पण की अभिव्यक्ति है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगे का सम्मान केवल घरों और सार्वजनिक स्थानों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि राष्ट्रीय एकता और सेवा की भावना लोगों के जीवन में भी दिखाई देनी चाहिए।

‘तिरंगे का राजस्थान से भी गहरा ऐतिहासिक नाता’

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि तिरंगे का राजस्थान से गहरा ऐतिहासिक संबंध है। उनके अनुसार, 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पहली बार फहराया गया तिरंगा राजस्थान के दौसा में तैयार हुआ था।

उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान किए गए बलिदानों को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग और तपस्या की वजह से आज देशवासियों के हाथ में तिरंगा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई तिरंगा यात्रा अब देशभर में जनभागीदारी का अभियान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ काम कर रही है और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान को प्राथमिकता दे रही है।

अमर जवान ज्योति पर शहीदों को श्रद्धांजलि

तिरंगा यात्रा के दौरान जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अमर जवान ज्योति पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। दोनों नेताओं ने पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को नमन किया।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा, बीजेपी प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास समेत कई जनप्रतिनिधि और बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रैली के बाद जेपी नड्डा बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व सैन्य अधिकारियों से संवाद किया। इसके बाद उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी प्रवीण चंद्र छाबड़ा से उनके आवास पर मुलाकात की।