जयपुर हादसों पर सख़्त हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा,अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई

Jaipur Rajasthan

जयपुर में हाल के सड़क हादसों के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सख़्त रुख अपनाया है। पिछली कई दुर्घटनाओं की तरह इस बार भी उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पहली बार ग्रीन कॉरिडोर बनाकर घायलों को अस्पतालों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई, ताकि उपचार में कोई बाधा न आए।

सूत्रों के अनुसार, सभी घायलों को अस्पतालों में निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहले भी कई बड़ी दुर्घटनाओं—जैसे अजमेर रोड गैस लीक हादसा, ट्रॉमा सेंटर और जैसलमेर बस दुर्घटना—में स्वयं मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायज़ा ले चुके हैं।

हरमाड़ा दुर्घटना मामले में मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रियों को काँवटिया और एसएमएस अस्पताल में भेजा है। सरकार की ओर से घायलों और मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता और मुआवज़ा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सक्रियता दिखाते हुए आज शाम 7 बजे मुख्यमंत्री आवास पर उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी, एसीएस होम, जयपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त, जयपुर कलेक्टर, पुलिस कमिश्नर और एडीजी ट्रैफ़िक को तलब किया गया है।

संकेत हैं कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हादसों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर कड़े निर्णय ले सकते हैं।