कोटा से रामेश्वरम-मदुरई के लिए विशेष ट्रेन रवाना, 970 तीर्थयात्रियों ने की यात्रा की शुरुआत

Kota Rajasthan

कोटा, 11 अगस्त। राजस्थान के कोटा से रामेश्वरम और मदुरई की तीर्थ यात्रा के लिए मंगलवार को विशेष ट्रेन रवाना हुई। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर और कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा ने सोगरिया रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत रवाना हुई इस ट्रेन में कोटा और बारां जिले के कुल 970 तीर्थयात्री सवार हैं। इनमें 616 यात्री कोटा से और 354 यात्री बारां स्टेशन से ट्रेन में शामिल हुए।

सभी कोच वातानुकूलित हैं और यात्रा के दौरान यात्रियों के रहने, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। करीब आठ दिन की इस यात्रा के दौरान यात्रियों की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए चिकित्सकों का दल भी ट्रेन में उपलब्ध रहेगा।

ट्रेन रवाना होने से पहले मंत्री मदन दिलावर ने यात्रियों से मुलाकात कर उनसे यात्रा को लेकर बातचीत की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान तीर्थयात्रियों में उत्साह नजर आया और रेलवे स्टेशन पर ‘बम-बम भोले’ और ‘ओम नमः शिवाय’ के जयकारे भी लगाए गए।

मदन दिलावर ने कहा कि इस योजना के जरिए ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा का अवसर मिल रहा है, जिनका धार्मिक स्थलों की यात्रा करने का सपना किसी कारण से पूरा नहीं हो पाया था। उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर उनकी तैयारियों और यात्रा को लेकर अनुभव भी जाना।तीर्थयात्रियों ने योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया।

देवस्थान विभाग के उपायुक्त केके खंडेलवाल के मुताबिक, वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक राजस्थान से 50 हजार से ज्यादा लोग रेल मार्ग से विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। वहीं करीब 6 हजार तीर्थयात्री नेपाल के काठमांडू और श्रीलंका की तीर्थ यात्राओं पर भी जा चुके हैं।