डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने PWD और वित्त विभाग की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा की,लंबित परियोजनाओं के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

Jaipur Rajasthan

जयपुर।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मंगलवार को सचिवालय में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) एवं वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन, विभिन्न विकास कार्यों, केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं तथा निर्माण कार्यों में गुण नियंत्रण तंत्र की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

उपमुख्यमंत्री ने स्वीकृतियों के अभाव में लंबित विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आवश्यक स्वीकृतियां समयबद्ध रूप से प्राप्त करने को कहा, ताकि विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर किया जा सके और परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।

दिया कुमारी ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी गुण नियंत्रण तंत्र पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्यों की प्रगति में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए।

बैठक में बजट घोषणाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने और राज्य में सड़क एवं आधारभूत संरचना से जुड़े विकास कार्यों को गति देने को लेकर भी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई।