जयपुर में 4 से 6 दिसंबर तक होगा ‘लोकमंथन 2026’:उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का शुभारंभ

Jaipur Rajasthan

जयपुर।
जवाहर कला केंद्र में रविवार को आगामी ‘लोकमंथन 2026’ के आयोजन को लेकर प्रेस वार्ता एवं बैठक आयोजित हुई। उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने आयोजन समिति की अध्यक्ष के रूप में कार्यक्रम में प्रतिभागी पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ किया।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बताया कि लोकमंथन का पाँचवाँ राष्ट्रीय संस्करण जयपुर में 4 से 6 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष लोकमंथन की मुख्य थीम “हम भारत के लोग” रखी गई है। तीन दिवसीय इस भव्य वैचारिक एवं सांस्कृतिक महाकुंभ में देश-विदेश के जाने-माने बुद्धिजीवी, कलाकार, विचारक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन हिस्सा लेंगे।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय विचार-विमर्श के साथ लोक संस्कृति और कला का भव्य प्रदर्शन देखने को मिलेगा। बड़े मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ देश के प्रमुख बुद्धिजीवियों एवं विचारकों के संवाद और वैचारिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य भारतीय लोक संस्कृति, परंपराओं, विचार और विविधता को व्यापक मंच प्रदान करना है।

इस अवसर पर लोकमंथन स्वागत समिति के महासचिव एवं प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय संयोजक श्री जे. नंदकुमार जी, लोकमंथन आयोजन समिति के सचिव एवं अखिल भारतीय साहित्य परिषद के संगठन मंत्री श्री मनोज कुमार जी के साथ ही प्रज्ञा प्रवाह, अखिल भारतीय साहित्य परिषद, संस्कार भारती, अधिवक्ता परिषद, विज्ञान भारती के वरिष्ठ पदाधिकारी, वैचारिक क्षेत्र से जुड़े कार्यकर्ता एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।