जयपुर, 18 अगस्त 2026। आज ओटीएस ग्रांउड, जयपुर मे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें राजस्थान का विकास इसलिए नहीं दिखेगा, क्योंकि उनकी दृष्टि सही नहीं है। उन्होंने कहा कि आंखों पर चश्मा तो लगाया जा सकता है, लेकिन नकारात्मक दृष्टि नहीं बदली जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में दिल्ली हाईकमान के सामने पहले 2 लोग नम्बर एक बनना चाहते थे, लेकिन अब चार लोग नम्बर एक बनने की होड़ में लगे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता आने वाले समय में कांग्रेस की स्वार्थ की राजनीति, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार का जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में युवा पेपर लीक से परेशान थे, जबकि भाजपा सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के समय में की गई घोषणाओं में से 60-70 प्रतिशत से ज्यादा पूरी नहीं हो सकी थी। जबकि हमारी सरकार अपनी प्रत्येक घोषणा को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलती थी और ना ही पानी लाने के लिए कोई ठोस पहल की गई। आज राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौते सहित अनेक विकास कार्य हो रहे हैं, किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है, एक लाख 89 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है, लेकिन यह सब अशोक गहलोत और कांग्रेस के नेताओं को दिखाई नहीं देता है।*

