गणेश महोत्सव शुभारंभ पर बोले शेखावत:दुश्मन के दिल-दिमाग में गूंजेगी भारत की मिसाइलों की धमक,विपक्ष हर जगह ढूंढता है राजनीति

Jodhpur Rajasthan

जोधपुर, 31 अगस्त। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार रात चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर-11 स्थित गणेश पार्क में गणेश महोत्सव का शुभारंभ किया। महोत्सव की ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर शेखावत ने कहा कि आने वाले कई वर्षों तक दुश्मन पर बरसीं भारत की मिसाइलों की गूंज आतंकवाद के आकाओं और आतंकवाद की मानसिकता वालों के दिल-दिमाग तक गूंजती रहेगी।

अपने उद्बोधन में शेखा्वत ने कहा कि भारत ने जिस साहस और शौर्य का परिचय दिया, उसके चलते पूरे विश्व में हमारी छवि तेजी के साथ बदली है। पहलगाम की घटना के बाद पूरे विश्व का समर्थन भारत को मिला। भारत आतंकवाद के विरुद्ध लड़ने वाला बड़ा सेनानी देश दुनिया में है, यह संदेश भारत ने दिया। निश्चित ही देश के 140 करोड़ लोग प्रधानमंत्री जी के साहस के कायल हैं और उनका अभिनंदन करते हैं। ऑपरेशन सिंदूर के समय देश को गणपति का आशीर्वाद मिला।

विपक्ष पर प्रहार करते हुए शेखावत ने कहा कि कुछ लोग राजनीति सभी जगह ढूंढ लेते हैं। चुनाव आयोग और ईवीएम में ढूंढ लेते हैं। आप सबने वोट देकर नरेंद्र मोदी जी और भारतीय जनता पार्टी में आस्था व विश्वास प्रकट किया। मुझे लगातार तीन बार स्नेह और आशीर्वाद दिया। अब वो लोग जोधपुर के 20 लाख मतदाताओं का अपमान करने का दुस्साहस करते हुए कहते हैं कि जोधपुर का चुनाव चोरी के माध्यम से जीता गया। शेखावत ने कहा कि ये धार्मिक अवसर है, मैं राजनीतिक चर्चा नहीं करना चाहता, लेकिन इतना जरूर कहना चाहता हूं कि देश की ऐसी उपलब्धि, देश का ऐसा काम, ऐसा साहस, जिसमें सेना ने अपार पराक्रम का परिचय देते हुए देश और देशवासियों का सम्मान ऊंचा उठाया हो, उस पर प्रश्नचिन्ह करने वाले लोगों को देश देखता है। समय आने पर उनका हिसाब-किताब करता है।

गणेश पार्क में ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर गणपति की विशाल प्रतिमा के समीप कर्नल सोफिया कुरैशी, विंग कमांडर व्योमिका सिंह आदि कटआउट लगाए गए हैं। पडाल परिसर में परमवीर चक्र मेजर शैतान सिंह सहित अनेक वीर सपूतों के पोस्टर लगाए गए हैं। महापौर वनिता सेठ , भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल भी उपस्थित रहे।