जोधपुर में नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने बुधवार को दिनभर बैठकों और कार्यकर्ताओं से संवाद के जरिए अपनी चुनावी रणनीति पर मंथन किया। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री और जोधपुर सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पार्टी की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि भाजपा निकाय चुनावों में प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।
शेखावत दिल्ली से जोधपुर पहुंचने के बाद शास्त्रीनगर स्थित सांसद सेवा केन्द्र पहुंचे, जहां सुबह से देर रात तक भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्षद पद के दावेदारों से मुलाकात का सिलसिला चला। उन्होंने कार्यकर्ताओं की बातें सुनीं और चुनावी तैयारियों को लेकर उनसे संवाद किया।
दिन में भाजपा की कोर टीम और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई, जबकि देर रात चुनाव प्रबंधन से जुड़े नेताओं की दूसरी महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। बैठकों में नगर निगम चुनाव की रणनीति, बूथ स्तर की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय और चुनावी प्रबंधन पर चर्चा हुई।
बैठक में भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद संगीता यादव, सी.आर. चौधरी, ओंकार सिंह लखावत, राजस्थान सरकार के मंत्री जोराराम कुमावत, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
राहुल गांधी के बयान पर भी साधा निशाना
मीडिया से बातचीत में शेखावत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मनुस्मृति और भारतीय समाज को लेकर दिए गए बयानों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विषयों को उनके मूल संदर्भ से अलग करके राजनीतिक दृष्टि से पेश करना उचित नहीं है।
शेखावत ने कहा कि भारत की सभ्यता में महिलाओं को विशेष सम्मान दिया गया है और सरस्वती, दुर्गा और लक्ष्मी की पूजा से लेकर गार्गी और मैत्रेयी जैसी विदुषियों की परंपरा इसका उदाहरण है। उन्होंने राहुल गांधी पर राजनीतिक लाभ के लिए समाज को बांटने वाले बयान देने का आरोप लगाया।
नकली नोटों की बरामदगी की गहन जांच की मांग
जयपुर में नकली नोटों की बरामदगी के मामले पर केंद्रीय मंत्री ने इसकी विस्तृत जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस को यह पता लगाना चाहिए कि नकली नोट कहां छापे गए, इनके पीछे कौन लोग हैं और इनकी आपूर्ति का स्रोत क्या है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
शेखावत ने यह भी कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को अधिक जिम्मेदारी और शुचिता के साथ काम करना चाहिए।
‘भाजपा में युवाओं को पर्याप्त अवसर’
निकाय चुनाव में बड़ी संख्या में दावेदारों के सवाल पर शेखावत ने कहा कि इसे लोकतंत्र और पार्टी संगठन में लोगों की बढ़ती भागीदारी के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में युवाओं को पहले से ही अवसर मिलते रहे हैं और भाजपा में भी युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाता है।
शेखावत ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील की। भाजपा नेताओं ने कहा कि संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं के समन्वय और चुनावी तैयारियों के जरिए नगर निगम चुनाव में जीत के लक्ष्य को हासिल करने की रणनीति बनाई जा रही है।

