बडगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़,एक आतंकी मारा गया;AK राइफल बरामद

Front-Page National

जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है। भारतीय सेना के चिनार कॉर्प्स के मुताबिक, यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन अशदार’ के तहत अशदार गली इलाके में की गई।

सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने खुफिया जानकारी के आधार पर इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और आतंकियों को चुनौती दी। इसके बाद आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने कार्रवाई की।

मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया। मौके से एक AK राइफल और अन्य युद्धक सामग्री बरामद की गई है। मारे गए आतंकी की पहचान अभी नहीं हो सकी है।सुरक्षाबलों को इलाके में एक और आतंकी के छिपे होने की आशंका है और उसकी तलाश में अभियान जारी है।

पुलवामा से बडगाम पहुंचने की सूचना के बाद ऑपरेशन

सुरक्षाबलों को गुरुवार शाम आतंकियों के एक संदिग्ध समूह के पुलवामा के पाखेरपोरा से बडगाम के यूसमर्ग की ओर बढ़ने की सूचना मिली थी। इसके बाद अशदार गली इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया गया।

सेना के मुताबिक, संदिग्ध गतिविधि नजर आने के बाद जवानों ने आतंकियों को आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें एक आतंकी मारा गया।सेना ने बताया है कि सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।