जयपुर, 4 सितंबर 2026। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को निकाय चुनाव को लेकर विभिन्न संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। इन बैठकों में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने मार्ग दर्शन दिया। संगठनात्मक बैठकों में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री एवं निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी, प्रदेश प्रभारी डॉ राधामोहन दास अग्रवाल, सह प्रभारी गजेंद्र पटेल, रोहन गुप्ता, संगीता यादव, संगठन महामंत्री अजेय कुमार भी उपस्थिति रहे।
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सामाजिक सरोकार रखने वाली और राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ काम करने वाला राजनीतिक दल है। इसलिए इसका अपने आप में वैशिष्ठय है। इन चुनावों में सरकार के काम को जनता तक ले जाना और जनता का आशीर्वाद प्राप्त हो, इसलिए हम सभी कार्यकर्ताओं को प्राण प्रण से जुटना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने विचार के प्रति स्पष्टता रखे और प्रतिपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे प्रौपेगेंडा का समूचित जवाब दें।
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का काम करने का अपना तरीका है, पूर्व योजना और पूर्ण योजना के साथ हर कार्यकर्ता को काम और हर काम के लिए कार्यकर्ता, इस पद्धति से सबकी सहभागिता रखते हुए हम अपने कार्य को अंजाम देते है। उन्होंने कहा कि एक ओर हमारी डबल इंजन सरकारों के कार्य है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष की विफलताएं, उनकी आपसी फूट सामने है। उन्होंने कहा कि चुनाव में हर कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। हर कार्यकर्ता अपनी भूमिका का निर्वहन सही रूप से करें, अपनी जिम्मेदारी समझें, ताकि राजस्थान के शहरों को ट्रिपल इंजन सरकार मिल सके और वे विकास में भागीदार हो सकें। उन्होंने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव के बारे में फीडबैक लिया और आवश्यक मार्ग दर्शन प्रदान किया। बैठक में भाजपा प्रदेश पदाधिकारीगण, भाजपा मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी के प्रभारी उपस्थित रहे।

