फलोदी में शेखावत का रोड शो,बोले- ‘कांग्रेस रूपी पंक्चर टायर’ से बचकर मजबूत बोर्ड चुनें

Jodhpur Rajasthan

जोधपुर/फलौदी, 5 सितंबर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने शनिवार रात फलौदी नगर पालिका चुनाव के वार्ड 25 से भाजपा प्रत्याशी ओम प्रकाश बोरा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद वार्ड संख्या दस में भाजपा प्रत्याशी पप्पू सिंह, वार्ड संख्या 09, वार्ड 17, वार्ड 19 सहित अनेक वार्ड से भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया।

विविध जनसभा में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र शेखावत ने दावा किया कि 14 तारीख को जब मतगणना के परिणाम आएंगे, तब फलौदी में भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनना तय है। दुनिया की कोई ताकत इसे रोक नहीं सकती।

शिक्षक दिवस और रक्षाबंधन-कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने फलौदी को धर्म नगरी और ‘पश्चिम की काशी’ के रूप में नमन किया। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण के जीवन संघर्ष और धर्म स्थापना का संदेश देते हुए उपस्थित जनसमूह से राष्ट्र व शहर के विकास के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। शेखावत ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को ‘चार पहियों की गाड़ी’ के उदाहरण से समझाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार स्टीयरिंग है और नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश को मजबूती व दिशा दे रही है। राज्य सरकार आगे के दो पहिए हैं और भजन लाल सरकार राज्य को विकास की नई दौड़ में तेजी से आगे बढ़ा रही है। स्थानीय निकाय पीछे के दो पहिए है और नगर पालिका व स्थानीय निकाय सीधे नागरिक के दैनिक जीवन, सफाई, नालियां, सीवर, पट्टे और बुनियादी ढांचे, से जुड़े काम करते हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यदि केंद्र और राज्य में मजबूत सरकारें हैं तो पीछे स्थानीय निकाय में भी बीजेपी का ‘कार का पहिया’ लगाना आवश्यक है, ताकि विकास की गाड़ी बिना रुके दौड़े। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जनता को कांग्रेस रूपी ‘पंचर टायर’ से बचकर एक मजबूत बोर्ड चुनना चाहिए।

शेखावत ने भारत की आर्थिक ताकत के आंकड़े पेश किए। उन्होंने कहा कि जब पूरा विश्व भयानक आर्थिक मंदी, युद्ध और ऊर्जा संकट से जूझ रहा है, तब भारत ने पहली तिमाही में दुनिया को चौंकाते हुए 7.8 प्रतिशत की मजबूत विकास दर हासिल की। सेवा क्षेत्र में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है तथा विपरीत वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत के एक्सपोर्ट में 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं के कारण पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक नागरिक गरीबी रेखा से बाहर निकलकर मध्यम वर्ग में शामिल हुए हैं।

फलौदी के नए जिले के रूप में गठन का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सोच 1 लाख से कम आबादी वाले शहरों को आधुनिक अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस करने की है। फलौदी अभी नया जिला बना है। यह समय नींव रखने का है। यदि हम आज सुव्यवस्थित और सुनियोजित विकास का मॉडल तैयार करेंगे, तो आने वाले 50 वर्षों तक फलौदी का विस्तार सही दिशा में होगा। इसके लिए केंद्र, राज्य और स्थानीय निकाय, तीनों स्तरों पर एक ही विचारधारा का बोर्ड होना अत्यंत आवश्यक है।

शेखावत ने स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनता से हाथ जोड़कर अपील की कि यदि विगत समय में किसी विषय पर व्यक्तिगत नाराजगी या अपेक्षाएं अधूरी रही हों तो उन्हें दरकिनार कर दें। उन्होंने कहा कि चुनाव में अगर चूक हुई तो 5 साल तक कोई ‘अनडू (वापस लेना)’ का बटन नहीं होता। इसलिए मतदान संपन्न होने तक अगले 6 दिन केवल और केवल फलौदी के सुनहरे भविष्य और कमल के फूल को खिलाने के लिए समर्पित करें। उन्होंने मंच से आश्वस्त किया कि चुनाव के बाद अगले 5 वर्षों तक जनता की सेवा और विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

ये रहे उपस्थित
जनसभा में क्षेत्रीय विधायक पब्बाराम बिश्नोई, फलौदी जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति जानी, वरिष्ठ नेता व पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामसा थानवी, चुनाव प्रभारी जोगेंद्र सिंह, प्रत्याशी ओम प्रकाश बोरा सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
06 को पोकरण रहेंगे केंद्रीय मंत्री शेखावत
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत 05 एवं 06 सितंबर को
फलोदी एवं पोकरण प्रवास पर है।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने आज शाम सड़क मार्ग से फलोदी के लिए प्रस्थान किया। केंद्रीय मंत्री शेखावत जोधपुर संसदीय क्षेत्र के फलोदी पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत अभिनंदन किया। केंद्रीय मंत्री 6 सितंबर रविवार को पोकरण में नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।