उदयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के शुभारंभ कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा, प्रतिभा तथा क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक जनभागीदारी के साथ चलाया जाएगा। इसमें माय भारत स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और सामाजिक-आध्यात्मिक संगठन शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि अभियान में बेहतर योगदान देने वाले स्वयंसेवकों और संस्थाओं को 50वें, 75वें और 100वें सप्ताह पर सम्मानित किया जाएगा।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार नशीले पदार्थों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 350 से अधिक कॉलेजों, इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों में ‘नई किरण’ नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। साथ ही ‘राज सवेरा’ कार्यक्रम के तहत जिला अस्पतालों में नशामुक्ति वार्ड विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए मुख्यमंत्री युवा सुयोग पोर्टल और नई राजस्थान युवा नीति लागू की गई है। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के बाद गठित एसआईटी ने पेपर लीक मामलों में अब तक 569 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके अनुसार, राज्य में 410 परीक्षाएं बिना पेपर लीक के आयोजित की जा चुकी हैं, 1.78 लाख से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और 1.32 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
इसी दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उदयपुर जिले के झाड़ोल क्षेत्र के बीड़ा गांव में रात्रि प्रवास के बाद ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने गांव में जल निकासी, कुएं के निर्माण, सरस डेयरी केंद्र और खेल मैदान जैसी घोषणाओं के क्रियान्वयन के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों की समृद्धि ही विकसित राजस्थान और विकसित भारत की आधारशिला है।
उन्होंने श्री आवरा माता मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।

