7 सितंबर 2026, जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेशवासियों के नाम एक अपील जारी की है, जिसका मूल पाठ इस प्रकार है:
प्रिय प्रदेशवासियों,
नमस्कार।
राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय चुनाव हम सभी के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में प्रदेश के शहरों की घोर उपेक्षा हुई है, और आज आम जनमानस में इस सरकार के प्रति भयंकर आक्रोश व्याप्त है।
शहरों की सड़कें बुरी तरह टूटी पड़ी हैं, गड्ढे तक नहीं भरे जा रहे। बारिशों से पहले नालों की सफाई तक नहीं की गई, जिससे शहर-दर-शहर पानी भर गया। जैसा आपको मालूम होगा, हमारी कांग्रेस सरकार ने कोविड जैसी विषम परिस्थिति में भी 10 लाख से अधिक पट्टे वितरित किए थे, जबकि भाजपा सरकार सामान्य परिस्थितियों में भी, ढाई साल में 1 लाख पट्टे तक नहीं दे सकी।
कांग्रेस सरकार की जनहितकारी योजनाएं, जैसे पेंशन, निशुल्क दवाएं, चिरंजीवी बीमा, छात्रवृत्ति, इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार योजना और इन्दिरा रसोई, भाजपा सरकार में या तो बन्द हो गईं या कागजों तक सिमट गईं। शहरों में आवारा पशु, ठप सफाई व्यवस्था, बढ़ता भ्रष्टाचार और बेकाबू ट्रैफिक जाम से आमजन त्रस्त हैं, पर सरकार के पास कोई कार्ययोजना नहीं है।
हमारी कांग्रेस सरकार ने शहरी विकास का एक मॉडल खड़ा किया था। कोटा को सिग्नल-फ्री बनाया, जयपुर के 7 बड़े चौराहों को सिग्नल-फ्री करने का कार्य शुरू किया, सैकड़ों फ्लाईओवर व अंडरपास बनाकर सुगम आवागमन सुनिश्चित किया। भाजपा सरकार इस दिशा में कुछ नहीं कर सकी है। हमारी कांग्रेस सरकार के समय जो प्रोजेक्ट स्वीकृत हो गए थे, उनका काम भी रोक दिया गया है।
आप जब अपने वार्ड का पार्षद और मेयर चुनने जा रहे हैं, तो यह वोट सामान्य नहीं है। इसी वोट से तय होगा कि आपकी गली की टूटी सड़क बनेगी या नहीं, बंद सीवरेज लाइन ठीक होगी या नहीं, आपके बच्चों को साफ पानी और मकानों के पट्टे मिलेंगे या नहीं। यह सिर्फ राजनीतिक बात नहीं, आपके रोज़मर्रा के जीवन की तकलीफ है, जिसका समाधान कांग्रेस ही कर सकती है।
पिछले ढाई वर्षों में आपने खुद देखा है कि सफाई व्यवस्था चरमरा गई, पट्टे मिल नहीं रहे हैं, हमारी कांग्रेस सरकार के शुरू किए गए काम अधूरे पड़े हैं, और जो पूरे हो चुके हैं उनका उद्घाटन तक नहीं हुआ।
भ्रष्टाचार ने तो सारी हदें पार कर दीं। आम जनता की कोई सुनवाई भाजपा सरकार में नहीं हो रही है। निकाय चुनाव में हार के बाद ही इन्हें जनता की ताकत का अहसास होगा, तभी सड़कें बनेंगी, पट्टे मिलेंगे और वास्तविक विकास होगा।
मुख्यमंत्री खुद जनता को भ्रमित करने के लिए राजस्थान में रोड शो कर रहे हैं। उनके रोड शो के फ्लॉप होने ने आपका इरादा तो जता दिया है, अब यह इरादा 9 एवं 11 सितंबर को कांग्रेस के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान द्वारा ही पूरा होगा। जब दुखी जनता भाजपा को इन चुनावों में हराएगी, तभी इनकी नींद खुलेगी। हार के कारण ही सही, इनका ‘डबल इंजन’ काम करने का प्रयास करेगा, जिससे अंततः जनता का ही भला होगा।
मेरी प्रदेशवासियों से अपील है, इन्हें वोट की ऐसी चोट दें कि इन्हें आगामी पंचायतीराज और विधानसभा चुनावों में भी अपनी हार का अहसास हो जाए, तभी ये बचे हुए सवा दो साल में जनता के लिए कुछ काम कर पाएंगे।
इसलिए हाथ जोड़कर निवेदन है, अपने वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि कांग्रेस के अधिक से अधिक बोर्ड बनें और प्रदेश के विकास को फिर रफ़्तार मिले।

