जोधपुर, 7 सितंबर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री एवं जोधपुर सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सोमवार को जोधपुर नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में आधा दर्जन से अधिक वार्डों में सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में चुनाव कार्यालयों का दौरा करने के साथ चुनावी सभाओं में भाग लिया और आमजन से भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।
मदेरणा कॉलोनी पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री शेखावत का भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने रैली के रूप में ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत-अभिनंदन किया। इसके बाद उन्होंने वार्ड संख्या 95 की भाजपा प्रत्याशी रेखा कंवर एवं वार्ड संख्या 96 के प्रत्याशी बुद्धिप्रकाश दाधीच के समर्थन में आयोजित संयुक्त चुनावी सभा को संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए शेखावत ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने नगर निगम के दो टुकड़े कर जोधपुर को बांटने का काम किया। इसका दुष्परिणाम शहर की जनता को भुगतना पड़ा और विकास कार्य प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि अब एक नगर निगम बनने से जोधपुर के विकास कार्यों को गति मिलेगी और शहर के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
शेखावत ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है। अब नगर निगम में भी भाजपा का बोर्ड बनाकर इसमें ट्रिपल इंजन की ताकत जोड़नी है। इसके लिए हम सभी को संगठित होकर एकजुटता के साथ भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाना होगा।
कार्यकर्ताओं को दिया घर-घर संपर्क का मंत्र
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने विभिन्न वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। हर कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह घर-घर पहुंचे और मतदाताओं से सीधा संपर्क कर भाजपा की नीतियों एवं विकास कार्यों की जानकारी दे।
उन्होंने वार्ड संख्या 57 की भाजपा प्रत्याशी श्रीमती जसवंती ओझा के चुनाव कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद वार्ड संख्या 38 में भाजपा प्रत्याशी महेंद्र कुमार प्रजापत के चुनाव कार्यालय पहुंचे। यहां बड़ी संख्या में उपस्थित अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत-अभिनंदन किया।
इस दौरान अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने कहा कि लंबे समय से एक राजनीतिक दल द्वारा अल्पसंख्यक वर्ग को केवल गुमराह कर चुनावी वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है। उन्होंने विकास और समान अवसरों की राजनीति को प्राथमिकता देने की बात कही।
केंद्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी ऊर्जा और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में जुटें तथा प्रत्येक बूथ और प्रत्येक घर तक भाजपा का संदेश पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जोधपुर के विकास को नई गति देने के लिए भाजपा का मजबूत नगर निगम बोर्ड आवश्यक है।

