जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में नशीले पदार्थों की ऑनलाइन डिलीवरी के नेटवर्क के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध MD ड्रग्स, अफीम और डोडा पोस्त बरामद किया गया है।
ANTF के IG विकास कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री स्तर से मिले दिशा-निर्देशों और पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा तथा अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन के मार्गदर्शन में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
पहली कार्रवाई जयपुर के मानसरोवर थाना क्षेत्र में की गई। यहां ANTF ने 439 ग्राम MD ड्रग्स और 466 ग्राम अफीम बरामद की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी जयपुर में चल रही नशे की पार्टियों और घरों तक ऑनलाइन माध्यम से ड्रग्स पहुंचाने के नेटवर्क से जुड़े थे।
व्हाट्सऐप पर मिलते थे ऑर्डर, रैपिडो और पोर्टर से डिलीवरी
ANTF IG विकास कुमार के मुताबिक, इस नेटवर्क में नशीले पदार्थों की मात्रा, प्रकार और डिलीवरी लोकेशन से जुड़े संदेश एक अलग मोबाइल फोन पर व्हाट्सऐप के जरिए भेजे जाते थे। ऑर्डर मिलने के बाद आरोपी संबंधित जगह तक पहुंचने के लिए ऑनलाइन राइड बुक करते और ड्रग्स ग्राहक तक पहुंचाते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि रात में कूरियर और राइड सेवाएं बंद होने के बाद डिलीवरी का तरीका बदल दिया जाता था। आरोपी किसी स्थान पर नशीला पदार्थ छिपाकर उसकी तस्वीर और लोकेशन ग्राहक को भेज देते थे, जिसके बाद ग्राहक वहां से ड्रग्स ले जाता था।
ANTF के अनुसार, ड्रग्स को छोटे पैकेटों में भरकर ई-कॉमर्स कंपनियों की लेबल लगी पैकिंग में भेजने की कोशिश भी की जाती थी, ताकि नेटवर्क पर शक न हो।
किराए के कमरों में चलता था नेटवर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी जयपुर में अलग-अलग किराए के कमरे लेकर ड्रग्स की सप्लाई करते थे और जरूरत के मुताबिक ठिकाने बदलते रहते थे। इस नेटवर्क में पढ़ाई के लिए जयपुर में रह रहे युवाओं को पैसे और कमाई का लालच देकर शामिल करने की बात भी सामने आई है।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष ढाका और गोपीकृष्ण उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है। दोनों बाड़मेर जिले के रहने वाले हैं और फिलहाल जयपुर में किराए के मकान में रह रहे थे।
ब्यावर में 248 किलो से ज्यादा डोडा पोस्त बरामद
दूसरी कार्रवाई ब्यावर जिले के ब्यावर सदर थाना क्षेत्र में की गई। ANTF ने एक ब्रेजा कार से 248.140 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त और 940 ग्राम अफीम दूध बरामद किया। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और तस्करी में इस्तेमाल कार जब्त की गई।
ANTF IG विकास कुमार के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध कार में बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त भरकर चित्तौड़गढ़ से जोधपुर की ओर ले जाया जा रहा है। टीम ने ब्यावर के माकरेड़ा के पास नाकाबंदी की। कार चालक ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की, लेकिन कार रेलवे लाइन की पुलिया की दीवार से टकरा गई। इसके बाद ANTF टीम ने दोनों सवारों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट और डिक्की में काले रंग के 14 प्लास्टिक कट्टे मिले, जिनमें डोडा पोस्त भरा था। कार के अंदर छिपाकर रखी गई अफीम दूध भी बरामद की गई।
इस मामले में लेखराम उर्फ पीपी और सूर्यप्रकाश उर्फ सुरेश को गिरफ्तार किया गया है। ANTF के मुताबिक दोनों के खिलाफ पहले भी NDPS से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं।
ANTF IG विकास कुमार ने बताया कि दोनों मामलों की जांच आगे जारी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई के स्रोतों के बारे में सुराग मिलने की संभावना है। कार्रवाई में शामिल ANTF टीमों को विशेष कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किए जाने की भी बात कही गई है।

