जोधपुर में शादी वाले घर में दो सिलेंडर धमाके,दूल्हा समेत 13 लोग घायल

Jodhpur Rajasthan

जोधपुर के बावड़ी इलाके में मंगलवार शाम एक शादी वाले घर में हुए दो सिलेंडर धमाकों से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दूल्हा महेंद्र सहित 13 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, हादसा हरढाणी क्षेत्र में उस समय हुआ जब घर में निर्माण कार्य के दौरान गैस वेल्डिंग की जा रही थी। वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी सिलेंडर से टकरा गई, जिससे विस्फोट हो गया। कुछ देर बाद दूसरा सिलेंडर भी फट गया।

घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। नौ लोगों का इलाज मथुरादास माथुर अस्पताल (एमडीएम) में, तीन का महात्मा गांधी अस्पताल (एमजीएच) में और एक का स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले धमाके में तीन-चार लोग घायल हुए थे, लेकिन जैसे ही उन्हें बचाने की कोशिश की गई, दूसरा सिलेंडर भी फट गया, जिससे और लोग झुलस गए। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई और आसपास के घरों की दीवारों में दरारें पड़ गईं।

दूल्हा महेंद्र, जिसकी शादी 15 नवंबर को होनी थी, भी हादसे में झुलस गया है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और इलाके को सुरक्षित कर लिया है।