राजस्थान निकाय चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत,भजनलाल शर्मा बोले- जनता ने सरकार के काम पर भरोसा जताया

Jaipur Rajasthan

राजस्थान के नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत का दावा किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस जीत को पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और प्रदेश की जनता के समर्थन को समर्पित किया है।

सोमवार को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले ढाई वर्षों से अधिक समय में राज्य में किए गए कामों पर जनता ने निकाय चुनाव में अपना भरोसा जताया है।

उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने ‘विकसित भारत-विकसित राजस्थान’ के संकल्प को स्वीकार किया है और युवाओं ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके विजन पर भरोसा जताया है।

बीजेपी के ‘जनसंपर्क मॉडल’ का दावा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है। उनके मुताबिक, भाजपा के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए काम किया।

उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने संकल्प पत्र के करीब 78 फीसदी वादे पूरे किए हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि निकाय विकास से जुड़े वादों को भी सरकार पूरा करेगी।

भजनलाल शर्मा ने सरकार की जनसुनवाई व्यवस्था का भी उल्लेख किया और कहा कि समस्याओं के समाधान में 84 फीसदी सफलता दर जनता के भरोसे को मजबूत करती है।

‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ का भी जिक्र

मुख्यमंत्री ने निकाय चुनाव के नतीजों को ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की दिशा में जनता के समर्थन से भी जोड़ा।

उन्होंने कहा कि एक साथ चुनाव होने से विकास कार्यों में बाधा कम होगी और संसाधनों की बचत होगी। मुख्यमंत्री ने पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय निकाय और पंचायत चुनाव अलग-अलग समय पर होने से लंबे समय तक चुनावी प्रक्रिया चलती रहती थी।

बीजेपी ने 65 फीसदी निकायों में बोर्ड का दावा किया

भाजपा की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 2020 के निकाय चुनाव में करीब 31 फीसदी निकायों में भाजपा के बोर्ड थे, जबकि इस बार पार्टी करीब 65 फीसदी निकायों में अपने स्तर पर या निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से बोर्ड बनाने की स्थिति में है।

भाजपा का दावा है कि नगर निगमों में भी पार्टी की स्थिति पिछली बार की तुलना में बेहतर हुई है। पार्टी के मुताबिक, नगर निगमों में करीब 60 फीसदी बोर्ड अपने दम पर बनाने की स्थिति है, जबकि निर्दलीयों के समर्थन से यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।

नगर परिषद और नगरपालिकाओं में भी भाजपा ने अपने प्रदर्शन में बढ़ोतरी का दावा किया है।

हालांकि, कुछ निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव बाद में होने हैं, इसलिए अंतिम तौर पर कितने निकायों में किस पार्टी का बोर्ड बनेगा, यह पूरी चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

जयपुर में बीजेपी की लगातार सातवीं जीत का दावा

भाजपा ने राजधानी जयपुर में भी अपनी जीत को अहम बताया है। पार्टी के मुताबिक, जयपुर नगर निगम में लगातार सातवीं बार भाजपा का बोर्ड बनने की स्थिति बनी है।

भाजपा ने दावा किया कि जयपुर और भरतपुर संभाग में भी इस बार पार्टी की स्थिति पिछली बार के मुकाबले मजबूत हुई है। पार्टी के अनुसार, दौसा, भरतपुर, बूंदी, हनुमानगढ़, करौली और धौलपुर जैसे जिलों में भी इस बार भाजपा कई निकायों में बोर्ड बनाने की स्थिति में है, जहां पिछली बार पार्टी का कोई बोर्ड नहीं था।

मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का श्रेय

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने चुनाव में पार्टी की जीत के लिए प्रदेश की जनता और मतदाताओं का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि इस जीत में भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राठौड़ ने पार्टी कार्यकर्ताओं को ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देते हुए उनके परिश्रम को जीत का प्रमुख कारण बताया।

भाजपा मुख्यालय में चुनाव परिणामों के बाद कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि निकाय चुनाव के बाद अब भाजपा की नजर आगामी पंचायत चुनावों पर है और पार्टी को वहां भी बड़ी जीत मिलने की उम्मीद है।