ओम बिरला ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से कहा- ‘जनता के भरोसे पर खरा उतरने की कोशिश करें’

Kota Rajasthan

कोटा, 27 सितंबर: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को कोटा में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता ने भरोसा जताकर प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी है और अब उनकी प्राथमिकता सेवा, संवेदना और समर्पण के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान करना होना चाहिए।

बिरला ने कहा कि जनप्रतिनिधि की भूमिका केवल नगरपालिका के कामकाज तक सीमित नहीं होनी चाहिए। लोगों को यह भरोसा होना चाहिए कि उनकी किसी भी समस्या या मुश्किल के समय उनका प्रतिनिधि उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया। बिरला ने कहा कि आधार कार्ड, खाद्य सुरक्षा, पालनहार, पेंशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें लाभ दिलाने का प्रयास किया जाना चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से परिवारों के दस्तावेजों की जांच करने और आधार, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत अन्य दस्तावेजों में गड़बड़ी होने पर उसे ठीक कराने में मदद करने को कहा। उन्होंने बूंदी में आधार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए स्थायी केंद्र शुरू करने की भी बात कही।

‘स्थानीय जरूरतों के आधार पर विकास की योजना बने’

कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाएं बनाते समय स्थानीय जरूरतों और लोगों की भागीदारी को ध्यान में रखा जाना चाहिए।

विधायक कल्पना देवी ने निकाय चुनावों में मिली सफलता को जनता के भरोसे और कार्यकर्ताओं की मेहनत से जोड़ते हुए कहा कि जीत के बाद जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने जनसेवा और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय रहने की बात कही।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, जिला प्रमुख मेघवाल और विभिन्न नगर निकायों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधि मौजूद रहे।

गुरुद्वारा श्री अगमगढ़ साहिब भी पहुंचे ओम बिरला

इससे पहले ओम बिरला ने बूंदी रोड स्थित गुरुद्वारा श्री अगमगढ़ साहिब पहुंचकर जत्थेदार बाबा लक्खा सिंह से मुलाकात की। उन्होंने बाबा लक्खा सिंह की कुशलक्षेम पूछी और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेककर उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

बिरला ने कहा कि बाबा लक्खा सिंह ने धार्मिक सौहार्द, सामाजिक समरसता और मानव सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की अरदास भी की।