फिरोजपुर, 27 सितंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को पंजाब के फिरोजपुर के ममदोट में नशा विरोधी यात्रा-नशा मुक्त पंजाब के तहत जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने आप आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां की सरकार की घोर नाकामी ने पंजाब को नशे की आग में झोंक दिया है। लेकिन अब यह साजिश और अधिक दिन नहीं चलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब सहित पूरे देश को नशे से बचाने का संकल्प लिया है। वर्ष 2029 तक भारत को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के लिए मजबूत रोडमैप तैयार किया गया है, जो 200 से अधिक कार्य-बिंदुओं पर आधारित है। इसका उद्देश्य नशे के स्रोत, तस्करी के रूट और मुख्य सरगनाओं को बेनकाब करना तथा नशीली दवाओं की सप्लाई चेन और हवाला फंडिंग के तंत्र को तोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने तीन से छह महीने में नशा खत्म करने की गारंटी दी थी, लेकिन इसके बाद तारीखें बदलती रही। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता की भावनाओं के साथ यह मजाक स्वीकार नहीं किया जा सकता। पंजाब सरकार की ओर से एनडीपीएस मामलों में सजा की दर बढ़ने का दावा किया गया है, लेकिन पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 से 2024 के बीच पंजाब में 33 हजार से अधिक नशे के मामले दर्ज हुए। वर्ष 2025 में देशभर में ड्रोन से नशे की तस्करी की 305 घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें 298 घटनाएं पंजाब बॉर्डर पर हुईं और 460 किलोग्राम ड्रग्स बरामद की गई। उन्होंने कहा कि केवल छोटे मोहरों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, नशे के असली माफिया और हैंडलर तक पहुंचना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत देश की युवा शक्ति है। यदि युवा स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त होंगे, तभी भारत दुनिया का सिरमौर बनेगा। उन्होंने बताया कि नशामुक्ति केंद्रों की संख्या बढ़ाने, महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा युवाओं को नशामुक्त भारत अभियान से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में नशे के तस्करों और सौदागरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। राज्यीय सीमाओं पर सुरक्षा और खुफिया तंत्र को मजबूत करते हुए नशे के कारोबार पर कड़ा प्रहार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त पंजाब आंदोलन पंजाब के भविष्य को बचाने की लड़ाई है और इसके लिए भारतीय जनता पार्टी अब सड़कों पर उतरी है। इस अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए हम सभी को पंजाब को तस्करों के हवाले नहीं छोड़ा जा सकता। नशे को हराने के लिए सभी को मिलकर आगे आना होगा।

