राजस्थान पंचायत चुनाव: कांग्रेस ने बनाई प्रचार रणनीति,डोटासरा-गहलोत-पायलट समेत वरिष्ठ नेता संभालेंगे मोर्चा

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 7 अक्टूबर: राजस्थान में आगामी पंचायत राज चुनावों को लेकर कांग्रेस ने चुनाव प्रचार की रणनीति तैयार करने के लिए बुधवार को जयपुर में बैठक की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वार रूम में हुई बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने की।

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

कांग्रेस ने तय किया है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने प्रभार वाले जिलों के अलावा उन क्षेत्रों में भी चुनाव प्रचार करेंगे, जहां जिला कांग्रेस कमेटियां उन्हें प्रचार के लिए बुलाएंगी। पार्टी के मुताबिक, वरिष्ठ नेता इन क्षेत्रों में जनसभाओं और अन्य प्रचार गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।

उम्मीदवारों के चयन में पारदर्शिता पर जोर

बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जिला प्रभारियों, सहप्रभारियों और जिलाध्यक्षों की संयुक्त बैठक भी हुई।

गोविंद सिंह डोटासरा ने जिला कांग्रेस कमेटियों को पंचायत चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन में पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर की राजनीतिक मामलों की समितियों में विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पूर्व जनप्रतिनिधि और पार्टी के विभिन्न संगठनों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को शामिल कर उम्मीदवारों का चयन किया जाना चाहिए।

कांग्रेस ने सभी पंचायत समितियों और जिला परिषदों में अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की है।

बीजेपी पर प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने हाल में हुए निकाय चुनावों को लेकर बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि निकाय चुनावों के दौरान पुलिस और प्रशासन का इस्तेमाल कांग्रेस नेताओं और कांग्रेस समर्थित पार्षदों के खिलाफ किया गया।

डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस को पंचायत चुनाव में इसका मजबूती से राजनीतिक मुकाबला करना होगा।

कांग्रेस ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं से ग्रामीण इलाकों में पार्टी की पिछली सरकारों के कामकाज और योजनाओं को जनता तक पहुंचाने को कहा है। पार्टी का कहना है कि ग्रामीण विकास, दलित और पिछड़े वर्गों के लिए योजनाओं के साथ महिलाओं और युवाओं के लिए किए गए कामों को चुनाव प्रचार का हिस्सा बनाया जाएगा।

‘बीजेपी के पास बताने के लिए उपलब्धियां नहीं’

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के पास पंचायत चुनाव में जनता के सामने रखने के लिए पर्याप्त उपलब्धियां नहीं हैं। वहीं, कांग्रेस अपने कार्यकाल के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों को चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है।

बैठक में राहुल गांधी की ओर से लोकतंत्र और मताधिकार को लेकर उठाए जा रहे मुद्दों को भी पंचायत चुनाव के प्रचार से जोड़ने की बात कही गई।

कांग्रेस ने दावा किया कि पार्टी एकजुट होकर पंचायत चुनाव लड़ेगी और जिला परिषदों तथा पंचायत समितियों में बीजेपी को चुनौती देगी। पार्टी नेताओं ने पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत का भरोसा भी जताया।