पीएम मोदी से मिले क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव,परिवार के साथ की मुलाकात;बच्ची ने सुनाया भजन

Front-Page National Sports

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भारतीय क्रिकेटर और पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और उनके परिवार से मुलाकात की। इस दौरान सूर्यकुमार की पत्नी देविशा, बेटी रिद्धिमा और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

मुलाकात के दौरान सूर्यकुमार यादव ने 2026 टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत का गोल्ड मेडल पहना हुआ था। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस मेडल को हाथ में लेकर देखा। इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए।

इस दौरान सूर्यकुमार के परिवार की एक बच्ची सरयू ने प्रधानमंत्री को भजन सुनाया। पीएम मोदी बच्ची का उत्साह बढ़ाते हुए तालियां बजाते नजर आए।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, “दीपावली के माहौल में राम और सरयू का आगमन हुआ है। इससे दीपावली का वातावरण और भी पावन एवं दिव्य हो गया है।”

बताया गया कि राम और सरयू सूर्यकुमार यादव की साली दीक्षा के बच्चे हैं।

सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने रचा इतिहास

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने मार्च 2026 में टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। इस जीत के साथ भारत लगातार दो बार टी-20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बना।

इससे पहले सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने 2025 में टी-20 एशिया कप का खिताब भी अपने नाम किया था। उन्होंने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

वर्ल्ड कप जीत के बाद कप्तानी और टीम से बाहर हुए सूर्या

लगातार सफलताओं के बावजूद सूर्यकुमार यादव को 2026 विश्व कप के बाद टी-20 टीम में जगह नहीं मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी बल्लेबाजी में हालिया गिरावट को इसका एक प्रमुख कारण माना गया।

जून 2026 में चयन समिति ने श्रेयस अय्यर को नया टी-20 कप्तान नियुक्त किया। इसके बाद सूर्यकुमार को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए चुनी गई टीम में भी जगह नहीं मिली।

टी-20 इंटरनेशनल में कई बड़े रिकॉर्ड

सूर्यकुमार यादव ने अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। वह 2022 और 2023 में ICC टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुने गए थे।

अक्टूबर 2022 में वह ICC टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बने। जनवरी 2023 में उन्होंने 910 रेटिंग अंक हासिल किए थे।

अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और मैदान के चारों ओर शॉट खेलने की क्षमता के कारण सूर्यकुमार को ‘मिस्टर 360’ के नाम से भी जाना जाता है।