बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाने पहुंचे पीएम मोदी,बोले- नक्सलवाद का खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ

Front-Page National

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दिवाली मनाई। इस दौरान उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना की और कहा कि उनकी त्याग, तपस्या और समर्पण के कारण कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहा बस्तर अब विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।

पीएम मोदी ने बस्तर के करनपुर स्थित कोबरा (CoBRA) ऑपरेशंस बेस का दौरा किया और शहीद सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि दिवाली 2026 देश के लिए खास है, क्योंकि नक्सलवाद के खिलाफ दशकों से जारी लड़ाई में बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने दावा किया कि देश का हर जिला अब नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है और करोड़ों लोगों ने नक्सली आतंक का डर पीछे छोड़ दिया है।

उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा, “आप सभी मेरे परिवार का हिस्सा हैं। इस बार मैं आपके बीच बस्तर के जंगलों में दिवाली मनाने आया हूं। यह वही धरती है, जहां कभी नक्सली आतंक का कहर था। लेकिन आपके बलिदान और समर्पण से यहां नक्सलवाद का प्रभाव खत्म हुआ है और विकास की नई शुरुआत हुई है।”

हालांकि, प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि नक्सलवाद का खतरा अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि जंगलों में हथियारबंद नक्सलियों का सफाया हुआ है, लेकिन अब ‘दिमागी नक्सलियों’ से चुनौती बनी हुई है। उनके मुताबिक, ऐसे लोगों ने कई संगठनों और राजनीतिक दलों में घुसपैठ की है और वे लोगों को संविधान तथा लोकतंत्र के खिलाफ भड़काने का काम कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे तत्वों की पहचान कर उनका मुकाबला करने की बात कही।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में पिछली कांग्रेस सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि 2004 से 2013 के बीच नक्सलवाद को एक ऐसी समस्या मानकर छोड़ दिया गया, जिसका समाधान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद नक्सलवाद से निपटने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति और रणनीति में बदलाव आया।

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि पिछले एक साल में ड्यूटी के दौरान एक भी सीआरपीएफ जवान की जान नहीं गई। उन्होंने इसे सुरक्षा बलों के साहस और सरकार की नीतियों का परिणाम बताया। साथ ही सीआरपीएफ, कोबरा, बीएसएफ, आईटीबीपी और राज्य पुलिस के जवानों के योगदान की सराहना की।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 13वीं बार दिवाली के अवसर पर देश के सुरक्षा बलों के बीच पहुंचे। इससे पहले वह अलग-अलग सीमावर्ती और सैन्य क्षेत्रों में जवानों के साथ दिवाली मना चुके हैं। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी रविवार को सिक्किम में नाथुला दर्रे के पास शेराथांग वॉर मेमोरियल में भारतीय सेना के जवानों के साथ दिवाली मनाई और उनके साहस तथा बलिदान को नमन किया।