कांग्रेस का 85वां अधिवेशन:खड़गे ले रहे स्टीयरिंग कमेटी की बैठक; राहुल गांधी दोपहर 2 बजे के बाद पहुंचेंगे

Front-Page National Politics

रायपुर:-रायपुर में कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन हो रहा है। इसमें शामिल होने देशभर से कांग्रेस नेता पहुंचे हैं। राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी अधिवेशन में शामिल हो गए हैं। इस बीच, सब्जेक्ट समिति की बैठक शुरू हो गई है। स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में तय हुआ है कि CWC का चुनाव नहीं होगा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सदस्य नॉमिनेट करने का अधिकार सर्वसम्मति से दिया गया है। अधिवेशन में कांग्रेस पार्टी के संविधान में संशोधन पर भी विचार किया जाएगा।

शुक्रवार सुबह से चल रही अनिश्चितता की खबरों के बाद दोपहर करीब 3 बजे सोनिया गांधी और राहुल गांधी विशेष विमान से रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर चरणदास महंत, AICC के महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित अन्य नेताओं ने किया।

एयरपोर्ट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। छत्तीसगढ़ी अंदाज में स्वागत के लिए कई नृत्य दल यहां बुलाए गए थे। सोनिया और राहुल के यहां पहुंचते ही उनके समर्थन में नारे लगे। यहां से वे निजी रिसॉर्ट के लिए रवाना हुए हैं। इसके बाद वे महाधिवेशन स्थल जाएंगे।

सोनिया कल और राहुल 26 को करेंगे संबोधित

अभी जो जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक कल यानी 25 फरवरी को दोपहर 11.30 बजे सोनिया गांधी महाधिवेशन को संबोधित करेंगीं। जबकि राहुल गांधी 26 फरवरी को पहले सत्र में महाधिवेशन को संबोधित करेंगे।

स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में बोले खड़गे
इससे पहले, स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अधिवेशन इस लिहाज से खास है कि आज से करीब 100 साल पहले 1924 में महात्मा गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए थे। तब यह महाधिवेशन मेरे गृह राज्य कनार्टक के बेलगांव में हुआ था। उन्होंने कम समय में कांग्रेस को गरीब, कमजोर तबकों, गांव-देहात और नौजवानों को एक साथ जोड़कर एक आंदोलन बना दिया था। 100 साल बाद उसी संकल्प की जरूरत है। ये उनके प्रति हमारी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी।

कांग्रेस के हर महाधिवेशन में कुछ अहम फैसले हुए हैं। जिससे हमारा संगठन आगे बढ़ा। कुछ अधिवेशन मील के पत्थर बने। राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा से देशभर में जो ऊर्जा भरी और महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक मुद्दों पर जिस तरह जागरूकता फैलाई है, उस जोश को हमें बनाए रखना है।

क्या होगा स्टेयरिंग कमेटी की बैठक में…
अभी जारी स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में महासचिव केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश समेत करीब 50 केंद्रीय नेता शामिल हैं। कांग्रेस के आगामी कार्यक्रमों की रणनीति इस बैठक में तय होगी। सबसे महत्वपूर्ण होगा CWC का चुनाव। ये चुनाव होगा भी या नहीं इस पर चर्चा की जाएगी। दिनभर इस बैठक के बाद शाम के वक्त सब्जेक्ट कमेटी की बैठक होगी। जिसमें तय किया जाएगा कि इस अधिवेशन में किन बड़े विषयों पर चर्चा की जानी है। चर्चा के बाद उन संबंधित विषयों पर रणनीति बनाई जाएगी। पार्टी को जनता के मूड, के हिसाब से सलाह देंगे कि क्या करें और क्या न करें।

आज रायपुर आएंगे 62 बड़े नेता
शुक्रवार को राहुल गांधी के अलावा देशभर से 62 और बड़े कांग्रेस नेता रायपुर आएंगे। इनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री, कांग्रेस के अन्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद, कई विधायक और प्रदेश की सरकारों में मंत्री शामिल हैं। सचिन पायलट और पूर्व मंत्री शिवराज पाटिल भी शुक्रवार को रायपुर आएंगे।

सचिन पायलट ने कहा- इस अधिवेशन में आने वाली राजनीति का रास्ता तय होगा। सभी कार्यकर्ताओं के अंदर एक ऊर्जा का संचार होगा। भाजपा की नाकामी हम लोगों को जन-जन तक पहुंचाना है। मुझे लगता है कि सहयोगियों के साथ हम लोग 24 का चुनाव चुनौती देकर जीत सकते हैं। भारत सरकार एजेंसीज का दुरुपयोग कर रही है। चाहे वह बीबीसी के दफ्तर पर छापा हो या फिर कांग्रेस के लोगों को जबरदस्ती गिरफ्तार करना हो।

25 और 26 फरवरी को क्या- क्या होगा

  • 25 फरवरी को प्रस्ताव: राजनीतिक, आर्थिक और इंटरनेशनल अफेयर्स पर चर्चा के बाद प्रस्ताव लाए जाएंगे
  • 26 फरवरी को – कृषि, किसान कल्याण, युवा रोजगार और शिक्षा तथा सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण पर चर्चा होगी
  • 26 फरवरी को ही दो बजे कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे का अंतिम भाषण होगा। चार बजे पैदल रैली होगी। जिसमें कांग्रेस के बड़े नेता जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं।

मंच पर सबसे पहले अबुल कलाम की तस्वीर
रायपुर में हो रहे कांग्रेस के अधिवेशन में बाईं ओर से मंच को देखने पर सबसे पहले जो तस्वीर दिखती है वो है अबुल कलाम आजाद की। वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के एक प्रमुख राजनीतिक नेता थे और 1923 और 1940 में कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष के रूप में चुने गए थे। इसके बाद मंच की तस्वीरों में सुभाष चंद्र बोस, भीमराव आंबेडकर, सरदार पटेल, जवाहर लाल नेहरू, महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और मनमोहन सिंह हैं।

40 हजार से ज्यादा रोटी रोज, बाहर कितनी भी गर्मी होगी डोम रहेंगे ठंडे

12 से ज्यादा डोम लगभग तैयार कर लिए गए हैं। हर डोम एयरकंडीशंड रहेंगी और इनकी कूलिंग क्षमता 350-350 एसी के बराबर है। इसके लिए एसी की पाइप लाइनें बिछा दी गई हैं। मंच के आसपास ही 170 से ज्यादा एसी रहेंगे। हर दिन 20 हजार लोगों के लिए खाना बनेगा। 9 छोटे-बड़े किचन डोम बने हैं। हर सेक्टर में बैठे लोगों के लिए किचन है जहां सैंकड़ों किलो आटा, चावल सब्जियां रोज पकेंगी। यहां छत्तीसगढ़िया मिलेट्स के व्यंजन, मुनगा की सब्जी, चीला पकाया जा रहा है।

एयरपोर्ट पर नेताओं का छत्तीसगढ़ी कलाकार कर रहे स्वागत
एयरपोर्ट पर पहुंचने वाले सभी नेताओं का स्वागत छत्तीसगढ़ी अंदाज में हो रहा है। स्थानीय कलाकार एयरपोर्ट पर नाच गाने के साथ सभी नेताओं का स्वागत कर रहे हैं। बस्तर से आदिम संस्कृति की झलक लिए स्थानीय कलाकार पारंपरिक नृत्यों का प्रदर्शन कर रहे हैं।

डाॅ. ए चेल्ला कुमार, जयराम रमेश,पी चिदंबरम, अजय माकन, अविनाश पाण्डेय, मुकुल वासनिक, रणदीप सिंह सुरजेवाला, तारिक अनवर, तारिक हमीद कर्रा, पीएल पुनिया, सुखजिंदर सिंह रंधावा, शक्ति सिंह गोहिल, डॉ रघु शर्मा, गायखंगम, मानिकराव ठाकरे, हरीश रावत, देवेंद्र यादव, जय प्रकाश अग्रवाल, बी मणिकम टैगोर, रघुवीर सिंह मीना, अधीर रंजन चौधरी, अभिषेक मनु सिंघवी, अंबिका साेनी, रजनी पाटिल, सलमान खुर्शीद, टी सुब्बारामी रेड्‌डी, मीरा कुमार रायपुर पहुंच चुके हैं। इनके अलावा भी कई नेता गुरुवार रात तक पहुंच गए हैं।

अपडेट:-

एक सुरक्षाकर्मी को हार्ट अटैक

महाधिवेशन स्थल पर एक सुरक्षाकर्मी दोपहर करीब 11.15 बजे ड्यूटी के दौरान गिर गया। वहां स्थापित अस्थाई चिकित्सा केंद्र के डाक्टरों ने उसकी जांच की तो पता चला कि उसे माइनर हार्ट अटैक के लक्षण हैं। उसका प्राथमिक उपचार किया गया है। फिलहाल वह खतरे से बाहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *