नागौर।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मंगलवार को नागौर जिले के मारवाड़ मूण्डवा स्थित वीर तेजा महिला शिक्षण एवं शोध संस्थान, तेजास्थली पहुंचकर लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज के श्रीचरणों में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने वीर तेजा महिला बीपीएड महाविद्यालय भवन का लोकार्पण भी किया तथा संस्थान परिसर में आयोजित ‘उमंग समारोह’ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं संस्थान के पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का साफा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। वही बालिकाओ ने जिम्नास्टिक की शानदार प्रस्तुति भी दी
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने छात्राओं की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि नए महाविद्यालय भवन के शुरू होने से बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने संस्थान द्वारा बालिका शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में दिए जा रहे प्रशिक्षण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे।
उन्होंने सभी समाज से भी आह्वान किया कि सभी लोग आपसी सहयोग से बेटियों के लिए बेहतर शैक्षणिक और सामाजिक वातावरण तैयार करें, ताकि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें।
उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को एक बड़ी सौगात देते हुए बताया कि खरनाल की पावन धरा पर लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज के भव्य पैनोरमा निर्माण के प्रथम चरण के लिए ₹2 करोड़ की स्वीकृत राशि से जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पैनोरमा वीर तेजाजी महाराज के जीवन, आदर्शों और लोक आस्था को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देगा।
कार्यक्रम में राज्य सरकार में मंत्री सुमित गोदारा, राजस्थान किसान आयोग तथा वीर तेजाजी संस्थान के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी, संस्थान के संरक्षक माधवदास मोदी, कार्यकारी अध्यक्ष संजीव डांगावास, समाजसेवी दिनेश तरड़, बजरंग दास महाराज, खिंवसर विधायक रेवंतराम डांगा, मेड़ता विधायक लक्ष्मण राम कलरु, पूर्व विधायक डेगाना रिछपाल मिर्धा व सुखराम नेतड़ीया, पूर्व विधायक नागौर मोहनराम चौधरी, पद्मश्री से सम्मानित हिम्मताराम भांभू, पूर्व प्रदेश महामंत्री विरमदेव सिंह, सुखराम, अभय सिंह, नवरत्न सिंघवी, मदन गौरा, जगदीश सिंह (लाडनूं), जनप्रतिनिधि, संस्थान के पदाधिकारी, बालिकाएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

