विकास कुमार ने बताया:एएनटीएफ की कार्रवाई में अफीम-गांजा की बड़ी खेप बरामद,6 आरोपी गिरफ्तार

Jaipur Rajasthan


राजस्थान में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ ने तीन अलग-अलग ऑपरेशन में बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किए हैं। विकास कुमार, आईजी एएनटीएफ के मुताबिक इन कार्रवाइयों में अफीम के पौधे, गांजा और उससे जुड़ी अवैध कमाई बरामद की गई है। कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।

आईजी एएनटीएफ विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम.एन. के मार्गदर्शन में एएनटीएफ लगातार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में तीन अलग-अलग जिलों में कार्रवाई की गई।

पहली कार्रवाई में भीलवाड़ा जिले के करेड़ा थाना क्षेत्र के बागजना गांव में एक खेत से 408 अफीम के पौधे और 60 गांजे के पौधे बरामद किए गए। इस मामले में 70 वर्षीय गोपी रावल नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी कई साल से अपने खेत में अन्य फसलों के बीच अफीम और गांजा उगा रहा था।

दूसरी कार्रवाई चूरू जिले के सुजानगढ़ में की गई, जहां से 27.7 किलोग्राम गांजा, 24 हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

तीसरी कार्रवाई डीग जिले के ब्रजनगर थाना क्षेत्र में हुई, जहां एएनटीएफ ने 5 किलोग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल बरामद की। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

आईजी एएनटीएफ विकास कुमार ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अगर किसी को मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी जानकारी मिले तो एएनटीएफ के कंट्रोल रूम या व्हाट्सऐप नंबर पर सूचना दे सकते हैं, और सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।