जयपुर में भाजपा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी के घर चोरी,डेढ़ लाख रुपये और आर्टिफिशियल ज्वेलरी ले गया चोर

Jaipur Rajasthan

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के सिविल लाइंस इलाके में पूर्व मंत्री और छबड़ा से भाजपा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी के निजी आवास पर चोरी का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोर घर से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और आर्टिफिशियल आभूषण लेकर फरार हो गया।

घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। चोरी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक संदिग्ध घर में दाखिल होता दिखाई दे रहा है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच

घटना की सूचना मिलने पर सोडाला थानाधिकारी मनोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी है।

मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। टीम घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य एकत्र करेगी।

पुलिस चोरी से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।