जयपुर। जयपुर-अजमेर हाईवे के दूदू क्षेत्र के मौजमाबाद में सोमवार रात बड़ा हादसा हुआ। एलपीजी सिलेंडर से भरे एक ट्रक में अचानक आग लग गई, जिसके बाद एक-एक कर सिलेंडर फटने लगे। विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि सिलेंडर दूर-दूर तक खेतों में जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दिए और आग की लपटें भी साफ दिखाई दे रही थीं। करीब 20 से अधिक वाहन आग की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी दीपक खंडेलवाल मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के लिए दोनों ओर का ट्रैफिक रोक दिया गया। दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।

