रींगस से विद्याधर जी की रिपोर्ट
सीकर जिले के प्रसिद्ध खाटूश्यामजी कस्बे में चल रहे बाबा श्याम कार्तिक मेला महोत्सव के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही देशभर से आए भक्तों ने बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाई और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
पूरी खाटू नगरी जयकारों — “जय श्री श्याम”, “तीन बाणधारी की जय”, “हारे के सहारे की जय” — से गूंज उठी और वातावरण भक्तिमय हो गया। भक्तों ने बाबा श्याम को खीर, चूरमा और केक का भोग लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। कई श्रद्धालुओं ने जात-जडूला उतारा और गठजोड़े की जात लगाकर अपने व्रत पूरे किए।
सुबह से ही मंदिर प्रांगण में लंबी कतारें लगी रहीं। मेला क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत के नेतृत्व में पुलिस बल और जिला प्रशासन की टीम लगातार भीड़ प्रबंधन में जुटी है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात नियंत्रण, पार्किंग, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
श्री श्याम मंदिर कमेटी ने दर्शन, प्रसाद वितरण और मार्ग व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की है। कमेटी के पदाधिकारियों के अनुसार, देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए पहुंचे हैं, जिससे खाटूधाम की गलियों में आस्था और भक्ति का अद्भुत माहौल बना हुआ है।

