राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बांसवाड़ा जिले के बागीदौरा से भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के विधायक जयकृष्ण पटेल को रिश्वत लेने के आरोप में हिरासत में लिया है। पटेल को जयपुर के ज्योति नगर स्थित उनके सरकारी आवास से डिटेन किया गया, जबकि उनका गनमैन 20 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके से फरार हो गया। ACB की टीमें उसकी तलाश में छापेमारी कर रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, विधायक पटेल एक निजी कंपनी से पिछले कुछ समय से काम रोकने की धमकी देकर ढाई करोड़ रुपये की मांग कर रहे थे। कंपनी की ओर से ACB को शिकायत दी गई, जिसके बाद जांच एजेंसी ने मामले का सत्यापन किया। ACB ने विधायक और गनमैन के मोबाइल नंबर समेत कंपनी से जुड़े कुछ कर्मचारियों को सर्विलांस पर लिया और शिकायत सही पाए जाने पर पटेल को ट्रैप कर लिया।
फिलहाल ACB जयकृष्ण पटेल से पूछताछ कर रही है और उन्हें मुख्यालय ले जाया गया है। मामले को लेकर ACB के महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश शाम 5 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
पिछले साल उपचुनाव में विधायक बने थे पटेल
जयकृष्ण पटेल ने 2023 में हुए उपचुनाव में बागीदौरा सीट से जीत हासिल की थी। यह सीट कांग्रेस विधायक महेंद्रजीत सिंह मालवीय के इस्तीफे से खाली हुई थी, जिन्होंने बाद में भाजपा का दामन थाम लिया था।
विधानसभा धरने में ली थी सक्रिय भागीदारी
हाल ही में विधानसभा में छह विधायकों के निलंबन के खिलाफ जारी धरने में पटेल ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा था कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनप्रतिनिधियों के अधिकारों के लिए वे हमेशा संघर्षरत रहेंगे।
ACB की इस कार्रवाई ने राज्य की राजनीति में एक नई हलचल पैदा कर दी है, जहां भ्रष्टाचार के आरोपों के घेरे में एक विधायक का आना गंभीर सवाल खड़े करता है।

