आईएएस शिखर अग्रवाल समेत गोयल फैशंस के निदेशकों के खिलाफ एसीबी में एफआईआर दर्ज,पद के दुरुपयोग और कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप

Breaking-News Jaipur Rajasthan

जयपुर, दिनांक18नवंबर,2026। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल (तत्कालीन अतिरिक्त मुख्य सचिव, उद्योग विभाग) के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। प्रकरण में निजी कंपनी गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मुकुन्द शरण गोयल, प्रबंध निदेशक संजय गोयल एवं अन्य भी आरोपी हैं। ब्यूरो की इकाई जयपुर नगर प्रथम द्वारा प्रथम सूचना रिपोर्ट संख्या 0323/2026 दर्ज करवाई गई है। इसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)(डी) व 13(2) और संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 7(सी), 8, 9 व 10 लगाई गई हैं। साथ ही भा.दं.सं. की धारा 120-बी और भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 61(2) भी लगाई गई है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार ने धारा 17-ए PC एक्ट के अंतर्गत पूर्वानुमोदन दिया था। इसके बाद ब्यूरो ने प्राथमिक जांच संख्या 48/2026 दर्ज की थी। जांच के दौरान विभिन्न विभागों से रिकॉर्ड मंगाकर उसका विश्लेषण किया गया। इसमें आरोपों की प्रथम दृष्टया पुष्टि होने पर प्रकरण दर्ज किया गया है।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि वर्ष 2006 में अग्रवाल जिला कलेक्टर, उदयपुर थे। उस दौरान ग्राम बूझड़ा की 13.705 हेक्टेयर कृषि भूमि अनंता रिसॉर्ट के लिए पर्यटन इकाई में संपरिवर्तित की गई। इसके लिए वन, खनन और सिंचाई विभाग की अनापत्ति नहीं ली गई। बाद में संपरिवर्तन आदेश की दो आवश्यक शर्तें भी हटा दी गईं। पहली शर्त 40 प्रतिशत भूमि सुविधा क्षेत्र के रूप में छोड़ने की थी। दूसरी शर्त ले-आउट का वरिष्ठ नगर नियोजक से अनुमोदन कराने की थी।

जांच में यह भी सामने आया कि दिनांक 03.10.2023 को उदयपुर के बूझड़ा स्थित अनंता रिसॉर्ट में विला खरीदे गए। अग्रवाल एवं उनकी पत्नी के नाम पर 10-10 विला, कुल 20 विला, 15-15 लाख रुपये में खरीदे गए। उसी दिन ये विला परपेचुअल लीज डीड के जरिए रेवेन्यू शेयरिंग के लिए कंपनी को वापस सौंप दिए गए।

इसी प्रकार दिनांक 27.03.2026 को अलवर के अजबगढ़ स्थित अनंता रिसॉर्ट में भी 20 विला खरीदे गए। ये विला अग्रवाल, उनकी पत्नी, पुत्रों एवं सास-ससुर के नाम पर 14 से 16.5 लाख रुपये प्रति विला में खरीदे गए। यह कीमत डीएलसी दर से 3.5 से 4.5 लाख रुपये कम थी। इसी रिसॉर्ट में अन्य खरीदारों को डीएलसी दर से लगभग 6 लाख रुपये अधिक कीमत पर विला बेचे गए। कंपनी गोयल फैशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इस प्रकार लगभग 2 करोड़ रुपये का अनुचित लाभ पहुंचाया गया। उल्लेखनीय है कि वित्त विभाग ने कंपनी के लिए कस्टमाइज़्ड पैकेज का आदेश भी इसी दिनांक 27.03.2026 को जारी किया था।

इसके अतिरिक्त दिनांक 15.10.2026 को अग्रवाल के पुत्रों के नाम पर अनंता रिसॉर्ट, जयपुर में 24 विला खरीदे गए। इनकी कीमत 11-11 लाख रुपये प्रति विला थी, जबकि रिसॉर्ट की विवरणिका में इसी आकार के विला का मूल्य 59 लाख रुपये बताया गया है।

अग्रवाल के पास राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी था। इस दौरान दिनांक 28.08.2023 को सीटीई और सीटीओ की चेकलिस्ट में “प्रक्रिया सरलीकरण” के नाम पर बदलाव किया गया। बदली हुई चेकलिस्ट से भूमि संपरिवर्तन दस्तावेज, वन विभाग की अनापत्ति और अरावली अधिसूचना संबंधी आवश्यकताएं हटा दी गईं। इसके बाद कंपनी के तीन अनंता रिसॉर्ट अजबगढ़ रिसोर्ट अलवर, जैसलमेर रिसोर्ट और जयपुर रिसोर्ट को स्वीकृतियां दी गई।

राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना 2019 के तहत कंपनी ने कस्टमाइज़्ड पैकेज के लिए अजबगढ़ रिसॉर्ट को “न्यू यूनिट” बताकर आवेदन किया। जबकि प्रस्तावित निवेश का अधिकांश भाग उस समय तक पहले ही किया जा चुका था। 100 करोड़ रुपये के निवेश की पात्रता पूरी करने के लिए 3.02 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि भी निवेश में शामिल की गई। इस भूमि की न रजिस्ट्री हुई है और न संपरिवर्तन। कंपनी पात्रता प्रमाण पत्र से पहले ही रिसॉर्ट के 135 में से 127 विला, यानी लगभग 95 प्रतिशत, बेच चुकी थी। यह तथ्य किसी भी परियोजना रिपोर्ट में नहीं दर्शाया गया।

दिनांक 19.08.2026 को राज्य स्तरीय छानबीन/स्वीकृति समिति की बैठक अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। इसमें कंपनी का पात्र निवेश 118.50 करोड़ रुपये निर्धारित कर राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना 2019 के सामान्य परिलभो के बजाय कस्टमाइज्ड पैकेज के तहत सामान्य परिलाभो से काफी अधिक परिलाभ /अनुदान छूट की अधिकतम सीमा के लिए दुराशय पूर्ण रूप से लाभ प्रदान करवाया गया।

प्रकरण का अग्रिम अनुसंधान प्रशान्त कौशिक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसीबी, एस.यू.-प्रथम, जयपुर को सौंपा गया है।