वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान की ओर से भारतीय जेट गिराने के दावे सिर्फ “मनोहर कहानियां” हैं। उन्होंने चुनौती दी कि अगर पाकिस्तान के पास सबूत हैं तो सामने लाए। एपी सिंह ने दावा किया कि भारत ने उनके पांच लड़ाकू विमानों को मार गिराया, जिनमें F-16 और J-17 भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सीमा में 300 किमी अंदर तक जाकर सटीक हमले किए। पहलगाम आतंकी हमले के बाद यह कार्रवाई की गई थी। एपी सिंह ने कहा कि सेना को खुली छूट दी गई थी और हमले के बाद पाकिस्तान खुद युद्धविराम के लिए आगे आया।
वायुसेना प्रमुख ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के कई एयरबेस, रडार सिस्टम, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, रनवे और हैंगर को निशाना बनाकर भारी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा इलाके में आतंकी अड्डे दोबारा बनाए जा रहे हैं, लेकिन भारतीय सेना उन्हें नष्ट करने में सक्षम है।
एपी सिंह ने कहा, “यह युद्ध एक तय लक्ष्य के साथ शुरू हुआ और बिना बढ़ाए खत्म कर दिया गया। पाकिस्तान को कीमत चुकानी पड़ी और आखिरकार युद्धविराम की गुहार उसी ने लगाई। यह दुनिया के लिए एक सबक है।”
इससे पहले 9 अगस्त को भी एयरफोर्स चीफ ने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का बड़ा कारण राजनीतिक इच्छाशक्ति और सेनाओं के बीच तालमेल था।
ऑपरेशन सिंदूर क्या है?
7 मई की रात भारतीय सेना ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के नौ ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी। सेना का दावा था कि इसमें 100 से अधिक आतंकी मारे गए। पाकिस्तान के सरकारी मीडिया के मुताबिक, भारत ने कोटली, बहावलपुर, मुरीदके, बाग और मुजफ्फराबाद में हमला किया था, जिनमें लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के ठिकाने शामिल थे।

