खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा रोकी,बद्रीनाथ हाईवे बंद:उत्तराखंड के धारचूला में बादल फटा,हिमाचल में लैंडस्लाइड में बाल-बाल बची कार

Front-Page National

नई दिल्ली:-मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों में बिहार और तेलंगाना को छोड़कर देश के सभी राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है।

उत्तराखंड के चमोली में पहाड़ों से पत्थर गिरने के चलते बद्रीनाथ हाईवे भी बंद है। पिछले 10 दिनों में यह हाईवे चौथी बार बंद हुआ है। वहीं, पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में शुक्रवार को बादल फटने से पुल बह गया। यहां चल गांव में 200 लोग फंस गए हैं। रेस्क्यू करने जा रही SDRF की टीम भी फंस गई।

उधर, हिमाचल प्रदेश में कालका-सोलन हाईवे पर अचानक पहाड़ों से पत्थर गिरने शुरू हो गए। एक कार पत्थरों की चपेट में आने से बाल-बाल बचीं।

गुरुवार को देश भर में खराब मौसम से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 20 लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में ही बिजली गिरने से 13 लोगों की जान चली गई।

दोनों रूट पर रोकी गई है अमरनाथ यात्रा
जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के चलते पहलगाम और बालटाल दोनों रूट पर अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है। अधिकारियों ने बताया है कि मौसम ठीक होते ही यात्रा फिर से शुरू कर दी जाएगी। अब तक 80 हजार से ज्यादा लोग अमरनाथ दर्शन कर चुके हैं।

उधर, केरल के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। कन्नूर और कासरगोड में रेड अलर्ट जारी किया गया है। अलप्पुझा के निचले इलाकों में बाढ़ आ गई है। एक हजार से ज्यादा लोगों को रिलीफ कैंपों में शिफ्ट किया गया है।

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…

इन राज्यों में तेज बारिश होगी: मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर, अरूणाचल प्रदेश, नगालैंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र, गोवा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु।

इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: बिहार, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर में बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इन राज्यों में मौसम साफ रहेगा: आंध्र प्रदेश के रायलसीमा, महाराष्ट्र के मराठावाड़ और गंगीय पश्चिम बंगाल में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।