गुवाहाटी: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में राज्य “घुसपैठियों का ठिकाना” बन गया था। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अवैध कब्जों से बड़ी मात्रा में जमीन मुक्त कराई है।
शाह ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में सरकार ने लगभग 1.51 लाख बीघा जमीन घुसपैठियों से मुक्त कराई है। उन्होंने लोगों से आगामी चुनाव में तीसरी बार जनादेश देने की अपील करते हुए कहा कि सरकार घुसपैठ के मुद्दे पर कड़ी कार्रवाई जारी रखेगी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि विपक्ष ने नई दिल्ली में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन कर देश की छवि खराब करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन ऐसे वैश्विक मंचों को “व्यक्तिगत राजनीति” का मंच नहीं बनाना चाहिए।
शाह ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गाँधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते वे देश का विरोध करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की छवि और लोकतंत्र को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बदनाम करना उचित नहीं है।
इससे पहले असम दौरे के दौरान अमित शाह ने गुवाहाटी में प्रागज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने गोलाघाट और तिनसुकिया कैंसर केंद्रों का भी उद्घाटन किया।

