गुवाहाटी में अमित शाह का कांग्रेस पर हमला: “मोदी जी को जितनी गालियां दोगे, कमल उतना खिलेगा”

Front-Page National Politics

गुवाहाटी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां पर अभद्र टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को असम में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।

शाह ने कहा कि बिहार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी की मां के लिए अपशब्द बोले, जो कांग्रेस की “दूषित राजनीति” का उदाहरण है। उन्होंने कहा, “मोदी जी की माताजी ने गरीब परिवार में रहते हुए अपने बच्चों को संस्कारी बनाकर बड़ा किया। उनका बेटा आज पूरी दुनिया में देश का गौरव बढ़ा रहा है। राहुल गांधी को थोड़ी भी शर्म है तो उन्हें प्रधानमंत्री मोदी और उनकी दिवंगत माताजी से माफी मांगनी चाहिए।”

अमित शाह असम के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने राजभवन के नवनिर्मित ब्रह्मपुत्र विंग समेत कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

शाह की स्पीच की 4 बड़ी बातें

  1. कांग्रेस की “घृणा की राजनीति” पर निशाना
    शाह ने कहा कि राहुल गांधी ने जिस तरह की “घृणा और तिरस्कार की नकारात्मक राजनीति” शुरू की है, उसका निचला स्तर उनकी “घुसपैठिया बचाओ यात्रा” में देखने को मिला।
  2. अभद्र टिप्पणी की निंदा
    गृह मंत्री ने कहा, “राहुल गांधी के स्वागत मंच से मोदी जी की स्वर्गीय माताजी के लिए जो अपशब्द बोले गए, वह बेहद घृणित हैं। ऐसी राजनीति सार्वजनिक जीवन को ऊंचा नहीं उठाएगी, बल्कि गर्त में ले जाएगी।”
  3. कांग्रेस नेताओं की पुरानी टिप्पणियों का जिक्र
    शाह ने कहा कि जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, तब से कांग्रेस नेताओं ने उन पर अपमानजनक टिप्पणियां कीं। “किसी ने उन्हें मौत का सौदागर कहा, किसी ने जहरीला सांप, किसी ने नीच आदमी, तो किसी ने रावण, भस्मासुर और वायरस तक बताया।”
  4. “जितनी गालियां दोगे, उतना कमल खिलेगा”
    शाह ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा, “क्या इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर कांग्रेस जनादेश प्राप्त करना चाहती है? कांग्रेस को समझना चाहिए कि जितनी ज्यादा गालियां मोदी जी को दोगे, कमल का फूल उतना ही खिलकर आसमान छुएगा। कांग्रेस ने हर चुनाव में यही किया और हर बार पराजित हुई।”