आंध्र प्रदेश में ₹18 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात,पीएम मोदी बोले- एयरपोर्ट का नाम अब एक परिवार के नाम तक सीमित नहीं

Front-Page National

आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगापुरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया और करीब ₹18 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले देश में हवाई अड्डों के नाम “एक ही परिवार” के नाम पर रखे जाते थे, लेकिन उनकी सरकार ने इस परंपरा को बदलते हुए विभिन्न राष्ट्रीय और सामाजिक विभूतियों के नाम पर एयरपोर्ट स्थापित किए हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि, पंजाब के एयरपोर्ट का नाम संत रविदास और भोगापुरम एयरपोर्ट का नाम स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में देश में 74 परिचालन हवाई अड्डे थे, जो अब बढ़कर 166 हो गए हैं। उन्होंने कहा कि उड़ान (UDAN) योजना के जरिए छोटे शहरों और सामान्य परिवारों के लोगों के लिए भी हवाई यात्रा सुलभ हुई है।

करीब ₹5,640 करोड़ की लागत से पीपीपी मॉडल पर विकसित भोगापुरम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट में आधुनिक तकनीकों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), बायोमेट्रिक प्रणाली और पर्यावरण-अनुकूल सुविधाओं का इस्तेमाल किया गया है। सरकार का कहना है कि इससे आंध्र प्रदेश में पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश को “विकसित भारत का ग्रोथ इंजन” बताते हुए कहा कि राज्य में करीब ₹1 लाख करोड़ की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है और विशाखापट्टनम में सेमीकंडक्टर संयंत्र जैसी परियोजनाएं भविष्य की अर्थव्यवस्था को गति देंगी।

भोगापुरम कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री कर्नाटक के मैसूरु पहुंचे, जहां उन्होंने स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र (विवेक स्मारक) का उद्घाटन किया।