सागर जिले के केसली विकासखंड स्थित होराइजन एजुकेशन कॉन्वेंट स्कूल में वार्षिक खेल दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में कबड्डी, वॉलीबॉल और खो-खो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें कक्षा चौथी से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों ने अपनी एथलेटिक क्षमता, अनुशासन और टीम वर्क का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर नीलगिरी हाउस को सर्वश्रेष्ठ खेल हाउस घोषित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में शारीरिक फिटनेस, खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सामूहिक सहयोग को बढ़ावा देना रहा। खेल दिवस को विद्यालय के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि शिवराज सिंह ठाकुर, विशिष्ट अतिथि राघवेन्द्र सिंह ठाकुर, स्थानीय पत्रकार अमित धंधेरिया और अरविन्द लोधी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान खेल समन्वयक मनोज सिंह गौड़, शाला खेल प्रभारी कुमारी शिवानी खटीक और सहयोगी शिक्षक राहुल गौड़ एवं शिवम राय की मौजूदगी में विजेता खिलाड़ियों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य शिवराम सिंह ठाकुर ने अतिथियों और विद्यार्थियों के अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

