जयपुर। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार के दो साल के कामकाज पर तीखे सवाल उठाते हुए अंता विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया को भारी मतों से जिताने की अपील की।
गुरुवार को जूली ने मांगरोल क्षेत्र के ग्राम ईश्वरपुरा, मऊ, बमोरीकलां, मालबमोरी, सीमल्या कराड़िया और भोज्याहेड़ी में जनसभाएं कीं और जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में लहर बन चुकी है, जिससे भाजपा नेतृत्व की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री अंता में एकजुटता का “झूठा प्रदर्शन” कर रहे हैं, जबकि जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है।
जूली ने कहा, “भाजपा ने जनता के साथ विश्वासघात किया है और 14 नवंबर को जनता इसका जवाब कांग्रेस को प्रचंड बहुमत देकर देगी।” उन्होंने आगे कहा कि यह उपचुनाव न्याय और सच्चाई की जीत का प्रतीक है, क्योंकि यहां भाजपा विधायक की सदस्यता अदालत ने रद्द की थी।
राहुल गांधी के ‘संगठन सृजन अभियान’ का जिक्र करते हुए जूली ने कहा कि यह पहल कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाएगी और अंता की जीत से प्रदेश ही नहीं, देशभर में एक सकारात्मक संदेश जाएगा।

