राजस्थान:ANTF ने नौ महीनों में 80 इनामी ड्रग तस्करों को पकड़ा,IG विकास कुमार बोले- अब ‘नार्को-25’ पर कार्रवाई तेज

Jaipur Rajasthan

राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने दावा किया है कि गठन के बाद बीते नौ महीनों में उसने देश के अलग-अलग राज्यों से 80 इनामी और फरार मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों पर कुल 21.28 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

ANTF के महानिरीक्षक (IG) विकास कुमार ने कहा कि एजेंसी का अभियान केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि अब “नार्को-25” सूची में शामिल तस्करों के खिलाफ भी चरणबद्ध कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए 80 आरोपियों में कई ऐसे थे जो लंबे समय से फरार चल रहे थे और विभिन्न राज्यों में सक्रिय ड्रग तस्करी नेटवर्क का हिस्सा थे। इनमें राजस्थान के ‘टॉप-25’ घोषित तस्करों में शामिल चार आरोपी भी हैं।

प्रेस नोट के अनुसार, ANTF ने राजस्थान के अलावा गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, पश्चिम बंगाल और केरल सहित आठ राज्यों में अभियान चलाकर कार्रवाई की। एजेंसी का कहना है कि तकनीकी विश्लेषण, खुफिया सूचनाओं और स्थानीय पुलिस के समन्वय से इन अभियानों को अंजाम दिया गया।

विकास कुमार ने बताया कि ANTF की विशेष टीमें लगातार ड्रग तस्करी से जुड़े नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और गतिविधियों की निगरानी कर रही हैं। उनका कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल आरोपियों को पकड़ना नहीं, बल्कि संगठित ड्रग सिंडिकेट की जड़ों तक पहुंचकर उसे खत्म करना है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि मादक पदार्थों की तस्करी या अपराध से जुड़ी किसी भी सूचना को ANTF कंट्रोल रूम तक पहुंचाएं। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।