राजस्थान में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, करीब एक करोड़ रुपये का अवैध डोडा पोस्त और हथियार बरामदख़बर:
राजस्थान में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत एंटी नॉरकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। इन अभियानों में करीब एक करोड़ रुपये मूल्य का अवैध डोडा पोस्त, हथियार और कारतूस जब्त किए गए हैं।
पहली कार्रवाई में एएनटीएफ की टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोका। वाहन चालक ने भागने की कोशिश की और जवाबी फायरिंग भी हुई। कार्रवाई के दौरान 4 क्विंटल 42 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया। एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे को हिरासत में लिया गया।
दूसरी कार्रवाई में एएनटीएफ ने एक ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ा, जिसमें प्लास्टिक रोल की आड़ में 41 किलो डोडा चूरा, एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एएनटीएफ के अनुसार, तस्कर बार-बार वाहन और नंबर प्लेट बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद मादक पदार्थों की सप्लाई राज्य के अलग-अलग इलाकों में की जानी थी।
इस पूरी कार्रवाई की निगरानी विकास कुमार, आईजी एएनटीएफ ने की। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर तस्करी के नेटवर्क को पनपने नहीं दिया जाएगा।

