राजस्थान:एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई,एक दिन में चार ऑपरेशन;एमडीएमए फैक्ट्री से लेकर 25 हजार के इनामी तस्कर तक गिरफ्त में

Rajasthan

जयपुर: राजस्थान में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने एक ही दिन में चार बड़ी कार्रवाइयाँ की हैं। इन अभियानों में अवैध एमडीएमए निर्माण इकाई का भंडाफोड़, अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क पर प्रहार और लंबे समय से फरार इनामी तस्कर की गिरफ्तारी शामिल है।

एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार के अनुसार, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस के मार्गदर्शन में की गई इन कार्रवाइयों से नशे के कारोबार की रीढ़ तोड़ने में अहम सफलता मिली है। टीमों ने बाड़मेर जिले में अवैध बिजली कनेक्शन के जरिए संचालित एमडीएमए फैक्ट्री पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में रसायन, पाउडर और उपकरण जब्त किए। मौके से एक आरोपी को हिरासत में लिया गया।

दूसरी कार्रवाई में सात वर्षों से फरार और 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर को गुजरात के वापी से दबोचा गया। एएनटीएफ ने बताया कि आरोपी राजस्थान से गुजरात तक सक्रिय तस्करी नेटवर्क का अहम कड़ी था।

इसके अलावा जालोर के सांचौर क्षेत्र में एमडीएमए की नई किस्म की तस्करी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को पकड़ा गया और वाहन जब्त किए गए। वहीं, जोधपुर ग्रामीण के भोपालगढ़ क्षेत्र में होटल की आड़ में चल रहे अवैध डोडा-पोस्त के बड़े रैकेट का पर्दाफाश कर 78 किलो डोडा-पोस्त जब्त किया गया और एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया।

आईजी विकास कुमार ने कहा कि एएनटीएफ ने हाल के महीनों में 30 से अधिक इनामी तस्करों को गिरफ्तार किया है और 70 से ज्यादा प्रकार के नशीले पदार्थों की खेप जब्त की गई है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि नशे से जुड़े किसी भी नेटवर्क की सूचना एएनटीएफ के हेल्पलाइन नंबर पर दें; सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।