पंजाब में गरीब रथ ट्रेन में लगी आग,बड़ी दुर्घटना टली — सभी यात्री सुरक्षित,शॉर्ट सर्किट बताया गया कारण

Breaking-News Front-Page National

पंजाब के सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास शनिवार सुबह अमृतसर से सहरसा जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस (12204) में आग लग गई। हादसे के वक्त ट्रेन में सवार यात्री समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। रेलवे के अनुसार, घटना में किसी की मौत या गंभीर चोट की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, आग ट्रेन की 19 नंबर एसी बोगी में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। बोगी में सवार एक यात्री ने धुआं उठता देख तुरंत चेन खींचकर ट्रेन रोकी, जिसके बाद यात्रियों ने सामान छोड़कर नीचे उतरना शुरू कर दिया। अफरातफरी के दौरान कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, रेलवे और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। बोगी नंबर 19 पूरी तरह जल गई, जबकि 18 नंबर कोच को भी आंशिक नुकसान हुआ। आग फैलने से रोकने के लिए जली हुई बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया गया।

तीन घंटे बाद ट्रेन फिर रवाना
रेलवे ने बताया कि जली हुई बोगी को अलग करने के बाद ट्रेन को लगभग तीन घंटे की देरी से अंबाला के लिए रवाना किया गया। अंबाला डिवीजन के डीआरएम विनोद भाटिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के आदेश जारी किए।

ट्रेन सेवाओं पर असर
इस हादसे के कारण अमृतसर शताब्दी, गुरुमुखी सुपरफास्ट, सचखंड एक्सप्रेस और दिल्ली इंटरसिटी सहित कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा।

स्थानीय प्रशासन की प्रतिक्रिया
फतेहगढ़ साहिब के एसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि यात्रियों का कुछ सामान जल गया है, जिसकी सूची तैयार की जा रही है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है, जबकि ट्रेन में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

रेलवे के मुताबिक, प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को ही आग लगने का कारण बताया गया है।